Chennai : केंद्र सरकार द्वारा संसद में परिसीमन बिल लाये जाने की संभावना के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में परिसीमन लागू करने की कोशिश कर रही है.
कहा कि परिसीमन का मकसद लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करना है.
राहुल कल शनिवार को तमिलनाडु पहुंचे थे. तमिलनाडु के संदर्भ में परिसीमन को लेकर कहा कि इसका मतलब लोगों की राजनीतिक ताकत छीन लेना है. राहुल गांधी ने इसे यह भाजपा की साजिश करार दिया. कहा कि जो कोई भी परिसीमन का समर्थन करता है, वह तमिलनाडु और उसके भविष्य के साथ धोखा कर रहा है.
राहुल ने कहा, वह आरएसएस व भाजपा को तमिलनाडु के लोगों और उनके भविष्य पर हमला करने का मौका दे रहा है. राहुल ने कहा कि राज्य में परिसीमन का समर्थन करने वाला व्यक्ति 21वीं सदी का एट्टप्पन (गद्दार) है. किसी भी तमिल व्यक्ति को परिसीमन का समर्थन नहीं करना चाहिए.
राहुल गांधी ने आग्रह किया कि हर तमिल व्यक्ति को परिसीमन का विरोध करना चाहिए. सभी तमिल पार्टियों और हर राष्ट्रीय पार्टी को सदन में परिसीमन का विरोध करना चाहिए.
कांग्रेस महासचिव एवं तमिलनाडु प्रभारी गुलाम अहमद मीर और पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष बी मणिक्कम टैगोर ने चेन्नई में जानकारी दी कि राहुल ने मामल्लापुरम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 23 जुलाई से एक अगस्त तक आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित किया.

