Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Ranchi news : हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई ताकत, रिम्स-2 व मेडिको सिटी का ब्लूप्रिंट तैयार

Ranchi news : हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई ताकत, रिम्स-2 व मेडिको सिटी का ब्लूप्रिंट तैयार

Lagatar 1 week ago

Ranchi : झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. एशियाई विकास बैंक (ADB) की वित्तीय और तकनीकी मदद से स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग 'जागृति' (JAGRITI) परियोजना शुरू करेगा.

इस परियोजना का मकसद लोगों को बेहतर, सस्ती और आसानी से मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. साथ ही गंभीर बीमारियों और मृत्यु दर को कम करना भी इसका लक्ष्य है.इस परियोजना के तहत रांची में दो बड़े स्वास्थ्य संस्थान विकसित किए जाएंगे. पहला रिम्स-2 होगा, जिसे आधुनिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के रूप में तैयार किया जाएगा.

यहां 1200 बेड का अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, छात्रों और कर्मचारियों के लिए हॉस्टल, खेल परिसर और कई आधुनिक सुविधाएं होंगी.दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट मेडिको सिटी होगा. इसे कांके के कदमा क्षेत्र में विकसित किया जाएगा. यहां निजी भागीदारी (PPP) के जरिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ऑर्गन ट्रांसप्लांट सेंटर और रिसर्च सेंटर बनाए जाएंगे. सरकार का मानना है कि इससे झारखंड के लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा.

सरकार का कहना है कि इस परियोजना के लिए किसी निजी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा. रिम्स-2 का निर्माण बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) की सरकारी जमीन पर होगा, जबकि मेडिको सिटी रिनपास (RINPAS) की सरकारी जमीन पर बनेगी. इसलिए किसी परिवार के विस्थापन या रोजगार छिनने की स्थिति नहीं बनेगी.

परियोजना में लोगों की भागीदारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. नगड़ी और कदमा गांव के लोगों से लगातार बातचीत की जाएगी. उनकी राय ली जाएगी और किसी भी शिकायत के समाधान के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाएगी.

परियोजना के तहत महिलाओं, जनजातीय समुदाय और कमजोर वर्गों पर विशेष फोकस रहेगा. महिला और जनजातीय स्वास्थ्य के लिए एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनाया जाएगा. यहां शोध, प्रशिक्षण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे.

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की भी तैयारी है. सरकार गांवों में स्किल असेसमेंट सर्वे करेगी. इसके आधार पर युवाओं को प्रशिक्षण देकर रिम्स-2 और मेडिको सिटी के निर्माण और संचालन में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके साथ ही लोगों की आय बढ़ाने के लिए आजीविका संवर्धन योजना भी तैयार की जाएगी.

परियोजना के संचालन के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) बनाई जाएगी. यह सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय का काम करेगी. सरकार का मानना है कि 'जागृति' परियोजना से झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया दौर शुरू होगा और राज्य को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का बड़ा केंद्र बनाने में मदद मिलेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar