Ranchi : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर शनिवार को सुखदेवनगर थाना परिसर में पुलिस-व्यवसायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में थाना क्षेत्र के व्यवसायियों और पुलिस प्रशासन के बीच विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सार्थक चर्चा हुई.
थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने क्षेत्र में नशाखोरी पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से अपील की कि नशाखोरी पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करें. बैठक में बढ़ती नशाखोरी, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक पीसीआर और चार टाइगर मोबाइल सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जिनके संपर्क नंबर भी साझा किए गए. उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हुआ है.
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने आम लोगों के साथ थाना में शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोग बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें.
लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा समय-समय पर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया.
सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई. वहीं, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने पुलिस और व्यापारियों के बीच मित्रवत संबंध स्थापित करने पर बल दिया.
सदस्य बिंदल वर्मा और शशांक भारद्वाज ने भी क्षेत्र की विधि-व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने विचार रखे. बैठक में भविष्य में भी इस तरह की समन्वय बैठकें आयोजित करने पर सहमति बनी.
इस अवसर पर चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य एवं लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, सदस्य शशांक भारद्वाज, राजेश पोद्दार, रंजीत कुमार, बिंदुल वर्मा सहित कई व्यापारी उपस्थित थे.

