Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रिम्स-2 पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बीजेपी पर विकास रोकने का लगाया आरोप

रिम्स-2 पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बीजेपी पर विकास रोकने का लगाया आरोप

Lagatar 5 days ago

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अख्तर अली ने रिम्स-2 अस्पताल के निर्माण को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी विश्वस्तरीय रिम्स-2 अस्पताल के निर्माण को रोकने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है.

अख्तर अली ने कहा कि रिम्स-2 झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना है. ऐसे में इसके निर्माण में बाधा डालना राज्य के विकास और गरीब मरीजों के हितों के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब संवैधानिक संस्थाओं का सहारा लेकर विकास कार्यों को रोकने की कोशिश कर रही है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सिफारिशें अनुशंसात्मक होती हैं. झारखंड सरकार जनहित से जुड़े कामों को किसी राजनीतिक दबाव में रोकने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार रिम्स-2 का निर्माण हर हाल में पूरा करेगी.

अख्तर अली ने आरोप लगाया कि एक ओर बीजेपी खुद को आदिवासियों का हितैषी बताती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी और गरीब लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने वाली परियोजना का विरोध कर रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी नहीं चाहती कि झारखंड के लोगों को रांची में ही बड़े शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें.

उन्होंने कहा कि चाहे राजभवन, केंद्रीय एजेंसियों या किसी आयोग का सहारा लिया जाए, राज्य सरकार विकास के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी. रिम्स-2 का निर्माण जनता की जरूरत है और इसे पूरा किया जाएगा.

अख्तर अली ने बीजेपी से दो सवाल भी पूछे. उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी चाहती है कि झारखंड के गरीब मरीज इलाज के अभाव में परेशान हों. साथ ही उन्होंने पूछा कि क्या राज्य के विकास को रोकना ही बीजेपी का एकमात्र एजेंडा रह गया है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी सरकार को डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह सफल नहीं होगी. उन्होंने दावा किया कि रिम्स-2 झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाली परियोजना है और सरकार इसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar