Dailyhunt
40 लाख की लूट और 4 नकाबपोश बदमाश, लेकिन पुलिस क्यों कह रही है- कहानी में कुछ झोल है?

40 लाख की लूट और 4 नकाबपोश बदमाश, लेकिन पुलिस क्यों कह रही है- कहानी में कुछ झोल है?

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार की देर रात मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत ओवरब्रिज के समीप दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी को अपना निशाना बनाया।

बदमाशों ने हथियारों के बल पर कारोबारी से जेवरों से भरा झोला छीन लिया और एनएच के रास्ते मोतीपुर की ओर फरार हो गए।

​दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे कारोबारी

​पीड़ित कारोबारी की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। उनकी पानापुर बड़ा बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। घटना उस वक्त हुई जब सुरेंद्र मंगलवार रात अपनी दुकान मंगल कर (बंद कर) अकेले बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने कीमती जेवरों से भरा झोला अपनी बाइक की टंकी पर रखा हुआ था। जैसे ही वे पानापुर ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

​मात्र 5 मिनट में 40 लाख की लूटपाट

​बदमाशों ने महज 5 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया। झोले में लगभग 260 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण थे, जिनकी वर्तमान बाजार दर के अनुसार कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी जा रही है। लूट के बाद सुरेंद्र प्रसाद ने साहस दिखाते हुए काफी दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार अपराधी आंखों से ओझल हो गए। हार मानकर उन्होंने तुरंत स्थानीय पानापुर ओपी पुलिस को मामले की सूचना दी।

​पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की तलाश

​सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ (पूर्वी-1) अलय वत्स स्वयं मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए चौक-चौराहों और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

​जांच में मामला संदिग्ध, छापेमारी जारी

​एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि, शुरुआती जांच के आधार पर उन्होंने इस मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया है। अधिकारी का कहना है कि कारोबारी से पूछताछ की गई है और बयान में कुछ विसंगतियों की जांच की जा रही है। फिलहाल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी की जा रही है और पुलिस जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram