Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बाढ़ से बेहाल यूपीः 16 जिले डूबे, 47 में बारिश का अलर्ट; नदी में बहे मां-बेटे

बाढ़ से बेहाल यूपीः 16 जिले डूबे, 47 में बारिश का अलर्ट; नदी में बहे मां-बेटे

खनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का असर लगातार देखने को मिल रहा है. प्रदेश के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि मौसम विभाग ने शनिवार को 47 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी यूपी के ऊपर बादलों का एक सिस्टम बना हुआ है. सैटेलाइट में इन बादलों का तापमान -70 से -90 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. ऐसे में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की संभावना है.

शुक्रवार को लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद और संभल समेत 66 शहरों में बारिश दर्ज की गई. गाजियाबाद में अचानक धुंध छाने से विजिबिलिटी 50 से 60 मीटर तक रह गई.

मुरादाबाद में पुल टूटा, नदी में गिरे पांच लोग

मुरादाबाद में गांगन नदी पर बना लकड़ी का अस्थाई पुल अचानक टूट गया. इस दौरान बाइक सवार दंपती और उनके तीन बच्चे नदी में जा गिरे. स्थानीय लोगों ने पिता और दो बच्चों को बचा लिया, लेकिन महिला और उसका एक बच्चा तेज बहाव में बह गए. करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया. वहीं तीसरे बच्चे की तलाश जारी है.

झांसी में मगरमच्छ ने युवक को पानी में खींचा

झांसी में बेतवा नदी में नहाने गए 21 वर्षीय युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि मगरमच्छ युवक को गहरे पानी में खींच ले गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं 48 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण झांसी की सुखनई नदी में अचानक बाढ़ आ गई. उफनाते नाले में एक वैन बह गई. वैन में सवार छह लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया.

कानपुर में 25 फीट धंसा आंगन, लड़की की मौत

कानपुर में भारी बारिश के बीच एक घर का आंगन अचानक करीब 25 फीट धंस गया. इसमें 18 वर्षीय लड़की गिर गई. करीब सात घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हमीरपुर में भी लगातार चार दिनों की बारिश से चंद्रावल नदी उफान पर है. गुर्दाहा-सिसोलर मुख्य मार्ग पानी में डूब गया है, जिससे 12 से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है. मौदहा बांध से 79 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है और फिलहाल नौ गेट खोले गए हैं.

31 अगस्त तक बारिश में कमी, फिर सितंबर में एक्टिव होगा मानसून

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश में अच्छी मानसूनी बारिश हुई है. अब यह सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. उनके अनुसार अगले दो-तीन दिन यानी 31 अगस्त तक बारिश में कमी रह सकती है. इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है.

इस बीच प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में सतर्क रहने की जरूरत है. नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है. लोगों से तेज बहाव वाले पानी, नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की जा रही है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram