Dailyhunt
बिहार में शिक्षा के मंदिर को बना दिया अवैध शराब का गोदाम, भारी मात्रा में पेटियां देखकर पुलिस भी हो गई हैरान!

बिहार में शिक्षा के मंदिर को बना दिया अवैध शराब का गोदाम, भारी मात्रा में पेटियां देखकर पुलिस भी हो गई हैरान!

बेगूसराय। जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब स्कूल में पढ़ने वाला चौथी कक्षा का एक 11 वर्षीय छात्र शराब के नशे में धुत होकर अपने घर पहुंचा।

​लड़खड़ाते कदमों ने खोला राज

​जानकारी के अनुसार, सिसवा निवासी मोहम्मद परवेज आलम का पुत्र मोहम्मद शोएब, जो प्राथमिक विद्यालय सिसवा में कक्षा 4 का छात्र है, स्कूल से घर लौटते समय पूरी तरह नशे में था। उसकी मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि शोएब के कदम लड़खड़ा रहे थे और उसके मुंह से शराब की तेज दुर्गंध आ रही थी। परिजनों ने जब उसके दोस्तों से पूछताछ की, तो पता चला कि शोएब ने स्कूल परिसर के पीछे स्थित एक बंद पड़े जर्जर शौचालय के पास रखी शराब पी ली थी।

​जर्जर शौचालय बना था 'शराब का गोदाम'

​छात्र की हालत देख घबराए परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली को इसकी जानकारी दी। जब प्रधानाध्यापक और ग्रामीणों ने स्कूल के पूर्वी हिस्से में स्थित जर्जर शौचालय की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। शौचालय के भीतर अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया था।

​पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

​सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शौचालय से भारी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां जब्त कीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस ने वहां से लगभग 25 पेटियां शराब बरामद की हैं। थाना प्रभारी परेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब को कब्जे में ले लिया गया है और इस तस्करी के पीछे शामिल दोषियों की पहचान के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

​छात्र की स्थिति

​नशे की चपेट में आए छात्र मोहम्मद शोएब का स्थानीय डॉक्टरों द्वारा इलाज कराया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, स्कूल परिसर में शराब मिलने की इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है और स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

दरोगा ने ले ली अपनी ही जान, 15 दिन पहले ही संभाली थी थाने की कमान, घटना को सुनकर परिजन भी हो गए हैरान

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram