Dailyhunt
Bilaspur News Update : बर्ड फ्लू अलर्ट के बीच कानन पेंडारी जू खुला. ईंट रखने के विवाद में 5 घायल, 2 गंभीर. बड़ी बहन ने नदी जाने से रोका तो 11 साल के बालक ने लगाई फांसी. डीजे बंगला के पुराने भवन का प्लास्टर गिरा, होमगार्ड घायल. एवरेस्ट मिशन पर निकली छत्तीसगढ़ की बेटी

Bilaspur News Update : बर्ड फ्लू अलर्ट के बीच कानन पेंडारी जू खुला. ईंट रखने के विवाद में 5 घायल, 2 गंभीर. बड़ी बहन ने नदी जाने से रोका तो 11 साल के बालक ने लगाई फांसी. डीजे बंगला के पुराने भवन का प्लास्टर गिरा, होमगार्ड घायल. एवरेस्ट मिशन पर निकली छत्तीसगढ़ की बेटी

Bilaspur News Update : बिलासपुर। कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। बचाव के लिए वन्यप्राणियों के केज के आसपास सेनेटाइजर से सेनेटाइज किया जा रहा है। बर्ड फ्लू का खतरा अभी टला नहीं है इसलिए कानन पेंडारी प्रशासन पूरी तरह से सचेत है।

शासकीय कुक्कुट पालन परिक्षेत्र में बर्ड फ्लू से हुई मु​र्गियों की मौत के बाद से जिला प्रशासन ने 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में चिकन व अंडों की बिक्री पर रोक के साथ-साथ संपूर्ण क्षेत्र में घूम-घूमकर मु​र्गिंयों को जब्त कर उन्हें मारा गया था। बर्ड फ्लू के फैलने की आशंका के मद्देनजर कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया था। अब जू को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है लेकिन इससे पहले जू के सभी वन्यप्राणियों के केज और उसके आसपास सेनेटाइज का छिड़काव कराया गया। वहीं चिकन और अंडा पर प्रतिबंध के बाद मांसाहारी वन्यप्राणियों को सिर्फ बकरे का मांस दिया जा रहा है।

ईंट रखने के विवाद में पड़ोसियों ने हंसिया और लाठी से किया हमला, 5 घायल, 2 गंभीर

बिलासपुर। सकरी के ग्राम पेंडारी में शादी के बाद घर लौट परिवार पर ईंट रखने के मामूली विवाद पर पड़ोसियों ने हंसिया और लाठी से हमला कर दिया। घटना में बघेल परिवार पांच सदस्य लहूलुहान हो गए हैं। सभी को सिम्स में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्राम पेंडारी में बघेल परिवार में शादी थी। रविवार रात को के बाद सोमवार शाम परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। रात 8 बजे ईंट रखने की बात पर पड़ोसियों से परिवार को विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए पड़ोसियों ने लाठी और धारदार हंसिया से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में हंसराज बघेल, जितेंद्र, सहेतीन बघेल, ऊषा बघेल और परमानंद बघेल चोट आई है। घायलों में ऊषा बघेल समेत तीन की स्थिति गंभीर है। सभी घायलों को सिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इधर, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने दूसरे पक्ष से लक्ष्मण बघेल, मुकेश बघेल, दिलीप बघेल, सुमित्रा बघेल और अर्चना बघेल को थाने में बैठाया है।

बड़ी बहन ने नदी जाने से रोका तो 11 साल के बालक ने लगाई फांसी

बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में बड़ी बहन ने नदी जाने से रोका तो 11 साल के बच्चे ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बलौदाबाजार लवन के बाजार भांठा निवासी गौकरण केंवट पत्नी और बच्चों के साथ कुकर्दीकला ईंट भट्ठे में झोपड़ी बनाकर रहता है। सोमवार को गौकरण पत्नी के साथ काम पर चला गया। घर पर शुभम केंवट (11) अपनी बड़ी बहन के साथ था। सुबह वह पड़ोस की महिला के साथ नदी नहाने जा रही थी। शुभम ने भी नदी जाने की जिद की। बहन ने उसे नदी जाने मना किया और घर पर रहने की बात कही। जब बहन नदी से नहाकर घर पहुंची तो उसका भाई झोपड़ी में कपड़े के फंदे पर लटका मिला। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और बच्चे को फंदे से उतारा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डीजे बंगला के पुराने भवन की छत का प्लास्टर गिरा, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जख्मी

रायगढ़। शहर के घड़ी चौके स्थित जिला न्यायालय निवास के भीतर एक पुराने भवन की छत का प्लास्टर वहां तैनात होमगार्ड के ऊपर गिर गया, जिससे उसके पैरों में चोंट आई। गनीमत यह रही कि सिर सहित अन्य संवेदनशील अंग में किसी तरह की चोंट नहीं लगी। बताया जा रहा है कि इस पुराने भवन की मरम्मत का जिम्मा लोक निर्माण विभाग का है, लेकिन विभाग ने काफी लंबे वक्त से इस भवन की मरम्मत को लेकर ध्यान नहीं दिया । जिसकी वजह से यह भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिला न्यायाधीश निवास में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान उक्त भवन के भीतर ही मौजूद थे। इसी बीच छत की सीमेंट की भारी पपड़ी अचानक गिरी, वे संभल पाते उससे पहले ही छत के प्लास्टर का एक बड़ी टुकड़ा उनके पैर में जा गिरा। जिससे उनके पैरों में चोंट लग गई। दरअसल लोक निर्माण विभाग द्वारा लंबे समय से इस भवन की मरम्मत नह कराई गई है, जिसकी वजह से यह भवन पूरी तरह जर्जर हो चुक है। छत का प्लास्टर उखड़ने के बाद लेंटर के सरिए बाहर निकल आए हैं, जिनमें पूरी तरह जंग लग चुका है। ऐसे जर्जर भवन सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करना उनके जीवन की सुरक्षा से सीधे तौर पर खिलवाड़ करना माना जा रहा है।

धान लोड ट्रक की ठोकर से बाइक सवार दो की मौत

कोरबा। पुलिस व प्रशासन की लगातार कोशिश के बाद भी रफ्तार का कहर कम नही हो रहा। एक बार फिर धान लोड ट्रक के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को ठोकर मार दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछाकर वाहन सहित पकड़ लिया। पुलिस ने मृतकों के शव को मर्क्युरी में शिफ्ट करते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने पीछा कर चालक को वाहन सहित पकड़ा

घटना कटघोरा थानांतर्गत मुड़ाभांठा बाइपास मार्ग स्थित पुलिया मोड़ की है। बताया जा रहा है कि बाइक क्रमांक सीजी 12 बीयू 1936 में सवार होकर दो युवक हुंकरा से मुड़ाभांठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे धान लोड ट्रक क्रमांक सीजी 22 जे 6887 के चालक ने बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रक की ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई, जिससे दोनों युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्ती शुरू की। इस दौरान एक मृतक की पहचान घुंचापुर निवासी कृष्णा के रूप में हुई, जबकि दूसरा साखो निवासी बिहारी लाल बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव को सुरक्षित मर्क्युरी में रखवा दिया है। खास तो यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग रहा था। पुलिस ने पीछाकर चालक को वाहन सहित दबोच लिया। पुलिस मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई पूरी करेगी।

एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने निकली छत्तीसगढ़ की बेटी, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पर्वतारोही अमिता श्रीवास से मुलाकात के दौरान कहा कि आगामी 9 अप्रैल को अमिता विश्व की सर्वाेच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना हो रही हैं। यह केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि की यात्रा नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास की ऊंची उड़ान है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमिता का यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि यदि संकल्प अटल हो, तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं रहती। प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नए मानक स्थापित कर रही हैं और छत्तीसगढ़ को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अमिता श्रीवास ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो को फतह कर पहले ही अपनी क्षमता और दृढ़ता का परिचय दिया है। उनका यह सतत प्रयास न केवल उपलब्धि है, बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए एक जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमिता अपने इस साहसिक अभियान में सफलता प्राप्त कर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर देश का तिरंगा फहराएंगी और छत्तीसगढ़ सहित पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगी। मुख्यमंत्री ने अमिता श्रीवास को इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram