Dailyhunt
EXCLUSIVE: 'हनुमान जी महाराज, इंद्र देव को दंड दें.', यहां बारिश-ओलावृष्टि पर वायरल हुआ अनोखा शिकायत पत्र

EXCLUSIVE: 'हनुमान जी महाराज, इंद्र देव को दंड दें.', यहां बारिश-ओलावृष्टि पर वायरल हुआ अनोखा शिकायत पत्र

र्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग में आज तेज आंधी बारिश के बाद ओलावृष्टि हुई, बेमौसम हुई ओलावृष्टि और बारिश के चलते लोगों का नुकसान हुआ,जिसके बाद देवराज इंद्र की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,वहीं शिकायत पत्र के सवाल पर अब आम लोग भी व्यक्तिगत शिकायत करने की बात कर रहे है।

दरअसल यह अजब गजब मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है,जहां शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया,तेज आंधी और बारिश के साथ शहर के बीचो-बीच जमकर ओलावृष्टि देखने मिली, हालत यह बन गए की सभी सड़क चौक चौराहा ओले की चादर से ढक गए। कई जगहों पर लोगों की गाड़ियों के मीटर और अन्य पार्ट्स टूट गए, चौक चौराहों पर ठेला लगाने वालों के बैठने वाले स्टूलो में छेद हो गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ, जिसको लेकर कहीं चर्चा तो कहीं जमकर हँसी ठिठोली हो रही है।

वायरल पत्र में संकटमोचन मंशापूर्ण हनुमान जी भगवान से देवराज इंद्र की शिकायत की गई है। शिकायत पत्र में लिखा है कि

सेवा में, परम श्रद्धेय श्री संकटमोचन मंशापूर्ण हनुमान जी महाराज,

न्यायालयः पृथ्वी लोक (विशेष पीठ - मंदिर परिसर)

विषयः देवराज इंद्र द्वारा की गई बेमौसम वर्षा, ओलावृष्टि एवं जन-हानि के विरुद्ध शिकायत पत्र ।

महाप्रभु,

सादर चरण वंदन। इस पत्र के माध्यम से हम समस्त पृथ्वीवासी अत्यंत व्यथित मन से देवराज इंद्र की कार्यप्रणाली के विरुद्ध आपकी शरण में यह गुहार लगा रहे हैं:

देवराज इंद्र द्वारा किए गए बेमौसम आंधी-तूफान और भीषण ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर में कई लोगों के वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और निर्दोष लोगों को शारीरिक चोटें आई हैं। इस ओलावृष्टि से सबसे गहरा आघात हमारे किसानों पर पड़ा है, जिनकी खून-पसीने की मेहनत एक पल में नष्ट हो गई है। हम यह स्वीकार करते हैं कि कुछ मनुष्यों ने प्रकृति की सीमाओं को लांघकर पर्यावरण को नुकसान पहुँचाया है। उन गलतियों के लिए हम समस्त मानव जाति की ओर से याचना मांगते हैं। मुट्ठी भर लोगों की गलतियों की सजा समस्त आम जनमानस को दी जा रही है, जो कि न्यायोचित नहीं है।

हे संकटमोचन, आप इंद्र देव को निर्देशित करें कि वे इस प्रकार का कठोर दंड देना बंद करें और सृष्टि में संतुलन बनाए रखें। यदि आवश्यक हो, तो उन्हें इस अव्यवस्था के लिए उचित चेतावनी या दंड दें ताकि भविष्य में पृथ्वीवासियों को ऐसी मार न झेलनी पड़े।

प्रार्थी,

समस्त त्रस्त मानव जाति एवं आपके अनन्य भक्त स्थानः पृथ्वी लोक (शहरः ग्वालियर)
दिनांक: 04 अप्रैल, 2026

वहीं इस पत्र के वायरल होने में बाद अब आम लोग भी पत्र में लिखी बातों से सहमत नजर आ रहे है,उनका कहना है कि वह भी हनुमान जी से इंद्र भगवान की शिकायत जरूर करेंगे। क्योंकि ओलावृष्टि से ग्राहकों के बैठने वाले स्टूलो में छेद हो गए।जिससे नुकसान हुआ है।

बहरहाल इस अजब गजब पत्र के वायरल होने के बाद लोग इसकी खूब ठहाके लगाकर चर्चा कर रहे हैं। यहां तक की अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसे अपलोड कर वायरल किया जा रहा है। लोग कमेंट कर रहे हैं कि इस मामले में संकट मोचन भगवान हनुमान जी देवराज इंद्र को जरूर दंडित करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram