Dailyhunt
Gurugram News: पॉश सोसाइटी में 'फायर सिस्टम फेल'; जलता रहा लग्जरी फ्लैट, बिल्डर की बड़ी लापरवाही उजागर

Gurugram News: पॉश सोसाइटी में 'फायर सिस्टम फेल'; जलता रहा लग्जरी फ्लैट, बिल्डर की बड़ी लापरवाही उजागर

सुशीला देवी, गुडगांव। साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-63A स्थित पॉश रेजिडेंशियल सोसाइटी 'अनंत राज एस्टेट' (Anant Raj Estate) में एक भीषण आग की घटना ने यहाँ के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।

सोसाइटी के ई-ब्लॉक (E-Block) की पहली मंजिल पर रहने वाले अंकित सेठी के लग्जरी फ्लैट में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे फ्लैट में रखा लाखों का कीमती सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि पीड़ित अंकित सेठी ने अपनी सूझबूझ से पहले पत्नी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर खुद जलते हुए फ्लैट से कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते आसपास के फ्लैट्स को भी खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

2018 में एक्सपायर हो चुके थे उपकरण

इस घटना ने सोसाइटी के फायर सेफ्टी सिस्टम (Fire Safety System) और मेंटेनेंस टीम की गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। रेजिडेंट्स का आरोप है कि आपात स्थिति में जब आग बुझाने की कोशिश की गई, तो सोसाइटी के अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers) काम नहीं आए क्योंकि वे साल 2018 में ही एक्सपायर हो चुके थे। निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि शॉर्ट सर्किट के दौरान न तो ब्रेकर ट्रिप हुआ और न ही वाटर पंप में पानी उपलब्ध था। स्थिति और भी चिंताजनक तब रही जब घटना की सूचना देने के 30 मिनट बाद तक मेंटेनेंस टीम मौके पर नहीं पहुंची। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही एसी, फ्रिज, इलेक्ट्रॉनिक्स और कीमती फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई और ऑडिट की मांग

हादसे के बाद अनंत राज एस्टेट के निवासियों में बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। सोसाइटी के लोगों ने जिला प्रशासन और फायर विभाग को लिखित शिकायत देने का निर्णय लिया है। निवासियों की मांग है कि पूरे प्रोजेक्ट के फायर सेफ्टी सिस्टम का तुरंत ऑडिट कराया जाए और पीड़ित परिवार के हुए नुकसान की भरपाई बिल्डर द्वारा की जाए। इस घटना ने गुरुग्राम की अन्य ऊंची इमारतों और पॉश सोसायटियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी एक नई बहस छेड़ दी है। प्रशासन ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram