Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हरियाणा में बंजारा समाज की सभी 6 मांगें होंगी पूरी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान

हरियाणा में बंजारा समाज की सभी 6 मांगें होंगी पूरी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को बंजारा और लुबाना समाज के कल्याण के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। चंडीगढ़ में संत कबीर कुटीर पर आयोजित बाबा मक्खन शाह लुबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा के राज्य स्तरीय जयंती समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज की सभी छह मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया।

इस पावन अवसर पर उन्होंने पेहवा में बनने वाली मक्खन शाह लुबाना धर्मशाला और दतौली के सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 31-31 लाख रुपये यानी कुल 62 लाख रुपये का अनुदान देने की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दोनों महान विभूतियों के त्याग, सेवा और बलिदान को याद करते हुए उनके चरणों में अपनी गहरी श्रद्धा अर्पित की।

गरीब परिवारों को मिलेंगे पक्के प्लॉट

राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश के करीब 6300 पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही इन चिन्हित परिवारों को घर बनाने के लिए एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक राज्य के एक लाख 56 हजार से अधिक गरीब परिवारों को रहने के लिए पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं ताकि हर गरीब का अपने घर का सपना सच हो सके।

जन कल्याणकारी योजनाओं से बड़ी राहत

प्रदेश सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना की सहायता राशि को 30 हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे 80 हजार रुपये कर दिया है। सरकार की इस योजना से अब तक 85 हजार 815 परिवारों को 416 करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी जा चुकी है। इसके अलावा राज्य के 13 लाख 43 हजार से अधिक जरूरतमंद परिवारों को हर महीने महज 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मुहैया कराया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए स्कूली विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त किताबें, वर्दी और स्टेशनरी देने के साथ-साथ मेधावी छात्रों को सालाना छात्रवृत्ति भी दी जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram