Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
जमीन, बंटवारा और बंटाधार : भूमि विवाद में खामोश हो गई एक जिंदगी, 14 वर्षीय छात्रा की मौत, परिजनों पर हत्या का आरोप

जमीन, बंटवारा और बंटाधार : भूमि विवाद में खामोश हो गई एक जिंदगी, 14 वर्षीय छात्रा की मौत, परिजनों पर हत्या का आरोप

अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बबुरी थाना क्षेत्र के बबुरी कस्बे में बुधवार देर रात एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के माता-पिता ने दादा, चाचा और चाची पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है.

मृतका की पहचान जान्हवी पटवा (14 वर्ष) पुत्री गौतम पटवा के रूप में हुई है. वह बबुरी स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा थी. बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 8 बजे परिवार के लोगों ने उसे कमरे में छत की कड़ी से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

मृतका के पिता गौतम पटवा का आरोप है कि परिवार में पिछले कई दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. उन्होंने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप उसके दादा फेक्कन पटवा, चाचा रवि पटवा और चाची श्रद्धा पर लगाया है. घटना के बाद परिजनों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है. सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

बबुरी थानाध्यक्ष किशोर कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram