Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
कैच द रेन अभियान: डीसी अपराजिता ने बारिश की हर बूंद बचाने और जल संरक्षण का लिया संकल्प

कैच द रेन अभियान: डीसी अपराजिता ने बारिश की हर बूंद बचाने और जल संरक्षण का लिया संकल्प

कैथल। डीसी अपराजिता ने जिले वासियों से मानसून के दौरान वर्षा जल का अधिकतम संचयन करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत सरकार के कैच द रेन अभियान का उद्देश्य बारिश की प्रत्येक बूंद को सहेजकर जल संकट का स्थायी समाधान तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि आज हम पानी बचाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा।

डीसी अपराजिता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए वर्षा जल संचयन को जन-आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। मानसून का सीजन शुरू हो चुका है। इसलिए सभी सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक घर, कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, उद्योग एवं अन्य संस्थानों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को अपनाया जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम उपयोग किया जा सके। इसके साथ ही भूजल स्तर बढ़ाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर रिचार्ज पिट एवं रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण कराया जाए तथा अनुपयोगी पड़े बोरवेलों का उपयोग भूजल रिचार्ज के लिए किया जाए।

डीसी ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों को संवारे और इन्हें इस्तेमाल लायक बनाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को तालाबों और जलाशयों की नियमित सफाई एवं गाद निकालकर उनकी क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के साथ-साथ पौधरोपण को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जाए। जल ग्रहण क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने से हरित आवरण बढ़ेगा, वर्षा जल का संरक्षण होगा तथा भूजल स्तर में सुधार आएगा।

डीसी अपराजिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि कैच द रेन अभियान का मूल उद्देश्य बारिश की हर बूंद को वहीं रोकना और संचित करना है, जहां वह गिरती है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वे जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाएं और वर्षा जल संचयन को अपनी दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाकर जल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram