Dailyhunt
फैसल रहमान ने ढाका एसडीएच में ब्लड स्टोरेज यूनिट का किया शुभारंभ, खून के लिए अब मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा मोतिहारी

फैसल रहमान ने ढाका एसडीएच में ब्लड स्टोरेज यूनिट का किया शुभारंभ, खून के लिए अब मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा मोतिहारी

सोहराब आलम, मोतिहारी। लंबे इंतजार और युवाओं के संघर्ष के बाद ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में आज मंगलवार (7 अप्रैल) को ब्लड स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ विधायक फैसल रहमान ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर एसडीएच प्रभारी अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एन.के. शाह, पीएचसी प्रभारी डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. कुंदन कुमार, डॉ. इम्तेयाज अहमद, डॉ एम ए रहमान, डॉ. विभा कुमारी, डॉ. सनत कुमार, राजद के ब्लॉक अध्यक्ष शम्स तबरेज, झौआराम पंचायत समिति सदस्य समेत दूसरे लोग मौजूद थे।

'ब्लड के लिए मोतिहारी जाने की नहीं होगी जरूरत'

इस मौके पर विधायक फैसल रहमान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्लड बैंक यूनिट की स्थापना यहां के लोगों की पुरानी मांग थी। उन्होंने बताया कि यह ब्लड स्टोरेज यूनिट उसी दिशा में एक कदम है और इसे जल्द ही पूर्ण ब्लड बैंक में परिवर्तित करने का प्रयास किया जाएगा। अब स्थानीय निवासियों को ब्लड के लिए मोतिहारी जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

180 यूनिट ब्लड स्टोर की सुविधा होगी उपलब्ध

एसडीएच प्रभारी डॉ. एन. के. शाह ने बताया कि फिलहाल इस यूनिट में 180 यूनिट ब्लड स्टोर करने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां संग्रहीत ब्लड केवल अस्पताल में भर्ती मरीजों को ही उनकी आवश्यकतानुसार मिल पाएगा। डॉ. शाह ने आगे बताया कि आवश्यकता से अधिक ब्लड को मोतिहारी ब्लड बैंक भेज दिया जाएगा।

35 दिन तक मोतिहारी भेजना होगा अनिवार्य

इसी तरह, ढाका एसडीएच में भर्ती मरीजों के लिए तत्काल आवश्यकता पड़ने पर मोतिहारी से ब्लड मंगाया जा सकेगा। विभाग के नियमानुसार, ब्लड को अधिकतम 28 से 35 दिनों तक ही स्टोर किया जा सकता है, जिसके बाद उसे मोतिहारी ब्लड बैंक भेजना अनिवार्य होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram