Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सड़क हादसे में कार में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से दो की मौत

सड़क हादसे में कार में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से दो की मौत

​बोधगया। गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक अनियंत्रित कार और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

इस हादसे में कार सवार दो लोगों की जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर बुरी तरह झुलस गया।

​गलत दिशा से आ रहा था ट्रक

​प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 1:30 बजे की है। खाद लदा एक ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में मुख्य फोरलेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान डोभी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में जा टकराई। टक्कर सीधे डीजल टैंक पर लगी, जिससे टैंक तुरंत फट गया और आग की लपटें बेकाबू हो गईं। कार के दरवाजे लॉक होने और आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सवारों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका।

​कार से मिली शराब की बोतलें

​घटना के तुरंत बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल ड्राइवर को बाहर निकालकर मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कार के मलबे से शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस अब इस कोण से भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के समय कार सवार नशे में थे।

​पुलिस की कार्रवाई और यातायात व्यवस्था

​सूचना मिलते ही बोधगया पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। गुरुवार की सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल, मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के जरिए उनकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक कर्मियों की तलाश जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lallu Ram