परवेज खान, शिवपुरी। Adani Defence Manufacturing Factory: शिवपुरी के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 2500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अडाणी समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री की आधारशिला रखेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में होगा, जबकि फैक्ट्री कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाली में स्थापित की जाएगी।
इस अवसर पर अडाणी समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी और डायरेक्टर जीत अडानी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 बजकर 40 मिनट पर शिवपुरी पहुंचेंगे।
यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' अभियान के औद्योगिक विकास संबंधी दृष्टिकोण को नई गति प्रदान करेगी। केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया 211.29 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे।
रोजगार के अवसर और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
रक्षा विनिर्माण संयंत्र से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही, क्षेत्र के लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को भी रक्षा उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा।

