Dailyhunt
जबलपुर में भीषण हादसा: बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 30 से अधिक सवार, 4 की मौत

जबलपुर में भीषण हादसा: बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 30 से अधिक सवार, 4 की मौत

Lifeberrys 1 week ago

ध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शहर के मशहूर बरगी डैम में गुरुवार को पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक हादसे का शिकार हो गया और पानी में समा गया।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह हादसा खमरिया टापू के पास उस समय हुआ, जब तेज आंधी-तूफान के बीच क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गया। बताया जा रहा है कि इस क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।

तेज तूफान बना हादसे की वजह, कई लोगों को बचाया गया


घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, अचानक आए तेज तूफान और आंधी के कारण क्रूज पलट गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं राहत की बात यह है कि बचाव दलों ने अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस क्रूज के लिए कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। फिलहाल कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

हादसे के बाद प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हो गया। जबलपुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय सांसद आशीष दुबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी को भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना, दिए सख्त निर्देश

इस हादसे पर मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है और पूरे मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है और अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि जो लोग अभी लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lifeberrys Hindi