Dailyhunt
केदारनाथ यात्रा से पहले इन 10 जरूरी बातों का रखें ध्यान, नहीं तो बिगड़ सकता है आपका पूरा ट्रिप

केदारनाथ यात्रा से पहले इन 10 जरूरी बातों का रखें ध्यान, नहीं तो बिगड़ सकता है आपका पूरा ट्रिप

Lifeberrys 1 week ago

देवभूमि उत्तराखंड में स्थित पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार, 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ खोल दिए गए। सेना के बैंड की मधुर धुनों और "ॐ नमः शिवाय" के जयकारों के बीच हजारों भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

पहले ही दिन करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 20 लाख से अधिक लोग पहले ही ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। ऐसे में अगर आप भी इस वर्ष केदारनाथ यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी सावधानियां आपकी यात्रा को आसान और सुखद बना सकती हैं।

यात्रा पर निकलने से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान

रजिस्ट्रेशन के बिना नहीं मिलेगी अनुमति


केदारनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हर यात्री और वाहन को आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्टर करना होगा, जिसके बाद एक स्लॉट टोकन जारी किया जाएगा। यह टोकन यात्रा के दौरान कई जगहों पर जांचा जाता है।

मौसम का हाल जरूर जानें

पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बेहद तेजी से बदलता है। केदारनाथ में आने वाले दिनों में बारिश और हल्की बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले मौसम विभाग की वेबसाइट पर जाकर पूर्वानुमान जरूर देख लें और उसी के अनुसार तैयारी करें।

स्वास्थ्य जांच और फिटनेस पर ध्यान दें

ऊंचाई पर यात्रा करने से पहले हेल्थ चेकअप कराना बेहद जरूरी है। जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, दिल या सांस से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। अगर आप पैदल ट्रेक करने वाले हैं, तो यात्रा से कुछ दिन पहले से नियमित वॉक शुरू कर दें।

रहने की व्यवस्था पहले से तय करें

यात्रा के पीक सीजन में होटल मिलना मुश्किल हो जाता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप पहले से ही होटल या गेस्ट हाउस की बुकिंग कर लें, ताकि वहां पहुंचकर परेशानी का सामना न करना पड़े।

गर्म कपड़े और मजबूत जूते साथ रखें

ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान अचानक गिर सकता है। इसलिए अपने बैग में थर्मल कपड़े, जैकेट, दस्ताने, ऊनी मोजे और रेनकोट जरूर रखें। साथ ही आरामदायक और मजबूत जूते पहनना बेहद जरूरी है।

जरूरी दस्तावेज साथ रखें

यात्रा के दौरान आधार कार्ड, पहचान पत्र, पंजीकरण स्लिप, पासपोर्ट साइज फोटो और मेडिकल सर्टिफिकेट अपने पास जरूर रखें। ये दस्तावेज कई जगह जरूरी हो सकते हैं।

दवाइयां और फर्स्ट-एड किट रखें

अपने साथ जरूरी दवाइयां, फर्स्ट-एड किट और पावर बैंक जरूर रखें। किसी भी आपात स्थिति में ये आपके बेहद काम आएंगे।

धूप और मौसम से बचाव का इंतजाम करें

ऊंचाई पर धूप तेज होती है, इसलिए सनस्क्रीन, टोपी, धूप का चश्मा और टॉर्च साथ रखना जरूरी है। ये चीजें आपकी यात्रा को आरामदायक बनाएंगी।

हल्का खान-पान साथ रखें

यात्रा के दौरान ऊर्जा बनाए रखने के लिए ड्राई फ्रूट्स, स्नैक्स और पानी की बोतल साथ रखें, ताकि थकान कम हो और सफर आसान बने।
मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाना मना है

केदारनाथ मंदिर के अंदर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है। यहां फोटो या वीडियो बनाना सख्त प्रतिबंधित है। नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई हो सकती है, इसलिए मंदिर परिसर में मोबाइल लेकर न जाएं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lifeberrys Hindi