Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
केरलम में मूसलाधार बारिश से भारी तबाही, भूस्खलन से तीन लोगों की मौत

केरलम में मूसलाधार बारिश से भारी तबाही, भूस्खलन से तीन लोगों की मौत

केरलम में मूसलाधार बारिश के चलते आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार को इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग जगहों पर हुए भूस्खलन के कारण तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

इडुक्की जिला प्रशासन के मुताबिक, मृत महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है। वह अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली थीं। शनिवार सुबह हुए भूस्खलन का मलबा उसेके घर पर गिर गया, पड़ोसियों ने उसके पति और बेटे को बचा लिया। दोनों घायल हो गए और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, पुलिस और राजस्व अधिकारियों के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया।

कोट्टायम जिले के पूंजार में पय्यानीथोट्टम में भूस्खलन के दौरान एक युवक की मौत हो गई और उसकी मां मलबे के नीचे दब गई। मृतक की पहचान जॉनी के बेटे जोसेफ के रूप में हुई है और उसकी मां की तलाश जारी है, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। जोसेफ को बचा तो लिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

इडुक्की में रिश्तेदार के घर सो रहे युवकी की मौत

एक अन्य घटना में, इडुक्की जिले के वागामोन इलाके में एक घर पर भूस्खलन होने से प्रभाकरन नायर नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कोट्टायम के वाइकोम के रहने वाले नायर भूस्खलन के समय अपने रिश्तेदार के घर सो रहा था। घंटो तक चले तलाशी अभियान के बाद प्रभाकरन नायर का शव बरामद किया गया।

इडुक्की जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ की सूचना मिली। उप्पुथारा में भूस्खलन से खड़ी पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पुल्लाकयार नदी के उफान पर होने के कारण कोक्कयार का निचला क्रॉसिंग (चप्पथ) जलमग्न हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाके में करीब छह घर जलमग्न हो गए और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से कई अन्य भूस्खलन की सूचना मिली है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात भी बाधित हुआ। भूस्खलन के कारण कट्टाप्पना और वझावारा के बीच की सड़क बंद हो गई, जबकि वंडीपेरियार में चोट्टुपारा धारा में जलस्तर बढ़ने से नेशनल हाईवे 183 पर जलभराव हो गया।

नेल्लीमाला में भी सड़क बंद हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। पड़ोसी कोट्टायम जिले में भारी बारिश के कारण एराट्टुपेट्टा, कांजिरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, यातायात बाधित हुआ और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाने पड़े।

भारी बारिश के कारण कोट्टायम जिले के एराट्टुपेट्टा, कांजिरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली के रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है।
एराट्टुपेट्टा में रात भर में जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे नादक्कल और मुरिक्कोली सहित कई घर पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों और बचाव कर्मियों ने घरों की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
मणिमाला और पुल्लाकयार नदियों के उफान पर आने से कूट्टिकल और मुंडक्कयम कॉजवे डूब गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पत्तनमथिट्टा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ और पंपा नदी का जलस्तर अचानक खतरनाक स्तर तक बढ़ गया।
रानी और आसपास के कटे हुए इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन ने नावें तैनात की हैं और राहत शिविर बनाए हैं।
मध्य केरल के अलावा कोल्लम, कोझिकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में भी भारी बारिश, बाढ़ और छोटे-मोटे भूस्खलन दर्ज किए गए।
कोझिकोड के चलियम में ऊंची लहरों के बीच फंसी एक मछली पकड़ने वाली नाव से मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मौसम विभाग ने केरलम के पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार बारिश और अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है और बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Halchal