Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पंजाब में दूध उत्पादन बढ़ा: हर व्यक्ति को रोज 1.3 किलो दूध उपलब्ध

पंजाब में दूध उत्पादन बढ़ा: हर व्यक्ति को रोज 1.3 किलो दूध उपलब्ध

प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता के मामले में पंजाब की स्थिति देश के अन्य राज्यों से बेहतर है। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 1.2 किलोग्राम थी जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1.3 किलोग्राम हो गई।

खाने-पीने के शौकीन पंजाब ने दूध की उपलब्धता के मामले में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश में हर व्यक्ति के लिए रोजाना 1.3 किलो दूध उपलब्ध है।

इसके साथ ही राज्य में दूध उत्पादन में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। अब पंजाब अपनी जरूरत पूरी करने के साथ पड़ोसी राज्यों की मांग को भी पूरा कर रहा है। यह खुलासा मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की रिपोर्ट में हुआ है जिसे मंगलवार को संसद में पेश किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता के मामले में पंजाब की स्थिति देश के अन्य राज्यों से बेहतर है। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 1.2 किलोग्राम थी जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1.3 किलोग्राम हो गई। पंजाब के बाद राजस्थान में प्रति व्यक्ति 1.3 किलोग्राम और हरियाणा में 1.1 किलोग्राम दूध उपलब्ध है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी दूध की उपलब्धता में वृद्धि दर्ज की गई है। देश में वर्ष 2022-23 में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता 459 ग्राम थी जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 485 ग्राम हो गई। हालांकि पंजाब की उपलब्धता राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है।

प्रदेश में दूध उत्पादन में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2022-23 में पंजाब में 143 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ था जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर रिकॉर्ड 148.7 लाख टन तक पहुंच गया। देश में सबसे अधिक दूध उत्पादन उत्तर प्रदेश में 388.2 लाख टन दर्ज किया गया है। इसके बाद राजस्थान में 367.4 लाख टन और मध्य प्रदेश में 226 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ है।

हिमाचल में 666 ग्राम, उत्तर प्रदेश में 447 ग्राम दूध उपलब्ध
देश के अन्य राज्यों की तुलना में पंजाब की स्थिति काफी मजबूत है। हिमाचल प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता 666 ग्राम है जबकि उत्तराखंड में यह 456 ग्राम और उत्तर प्रदेश में 447 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं केंद्र शासित प्रदेशों में लद्दाख में प्रति व्यक्ति 214 ग्राम दूध उपलब्ध है जबकि चंडीगढ़ में यह आंकड़ा 141 ग्राम है।

देश में दूध उत्पादन 2478.7 लाख टन तक पहुंचा
रिपोर्ट के अनुसार देश में दूध उत्पादन में भी लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2022-23 में देशभर में 2305.8 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ था जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 2478.7 लाख टन हो गया। दूध उत्पादन बढ़ने के साथ प्रति व्यक्ति उपलब्धता में भी सुधार दर्ज किया गया है। पंजाब इस मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Halchal