Dailyhunt
पुणे में दर्दनाक हादसा, सेल्फी के चक्कर में डूबकर तीन दोस्तों की मौत

पुणे में दर्दनाक हादसा, सेल्फी के चक्कर में डूबकर तीन दोस्तों की मौत

Live हलचल 2 weeks ago

पुणे के मावल तहसील में शुक्रवार को दोस्तों के एक समूह का पिकनिक मनाने का कार्यक्रम बुरे सपने में तब्दील हो गया। सेल्फी लेने के चक्कर में उनमें तीन लोग बांध के पानी डूब गए। यह घटना जाधववाड़ी बांध पर दोपहर करीब तीन बजे घटी।

पुलिस ने मृतकों की पहचान अजय गरुडे, संतोष एडके और अनिकेत पवार के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि पुणे के भोसारी से छह दोस्तों का समूह पिकनिक मनाने वहां पहुंचा था।

उनके दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार, समूह के चार सदस्य घुटनों तक गहरे पानी में खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। उनमें से एक, जो किनारे पर खड़ा था, फिसलकर गहरे पानी में गिर गया।

चूंकि चारों ने एक-दूसरे की गर्दन पकड़ रखी थी, इसलिए वे एक के बाद एक पानी में गिरते गए और डूबने लगे। समूह का एक सदस्य, जो कुछ दूरी पर खड़ा था, तुरंत दौड़ा और चार दोस्तों में से एक को गहरे पानी से बाहर निकालने में कामयाब रहा।

स्थानीय बचाव दल, वन्यजीव रक्षक मावल संस्था और शिवदुर्ग बचाव दल, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तलाशी अभियान चलाया और बांध में डूबे तीन दोस्तों के शव बरामद किए।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Halchal