Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सीएम यादव ने जनसंघ के संस्थापक मुखर्जी को किया नमन, बोले- एमपी में इसी महीने लागू होगा UCC

सीएम यादव ने जनसंघ के संस्थापक मुखर्जी को किया नमन, बोले- एमपी में इसी महीने लागू होगा UCC

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं विचारक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें नमन किया। सीएम यादव ने भोपाल में लालघाटी पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमारी यादों में बसे हुए हैं। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि मध्यप्रदेश भी उन गौरवशाली राज्यों में शामिल हो रहा है, जहां एक संविधान लागू है। डॉ. मुखर्जी ने आजादी के समय बनने वाले संविधान के अंदर की कमी को परिलक्षित करते हुए कहा था कि देश एक निशान-एक प्रधान-एक विधान से चलना चाहिए। मध्यप्रदेश भी इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की ओर बढ़ रहा है।

26 जुलाई तक बढ़ाया समिति का कार्यकाल
बता दें समिति का कार्यकाल पहले 26 जून को समाप्त हो गया था। अब इसे तकनीकी कारणों से 26 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। समिति से जुड़े सदस्यों के अनुसार, विधानसभा से विधेयक पारित होने के बाद भी समिति की भूमिका समाप्त नहीं होगी। कानून लागू करने के लिए आवश्यक नियम और प्रक्रियाएं तैयार करने का काम भी समिति की निगरानी में होगा। इसी कारण कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

लोगों से मिले 9.5 लाख से अधिक सुझाव
जानकारी के अनुसार, यूसीसी समिति को प्रदेशभर से 9.5 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब 4 लाख सुझाव ऑनलाइन और शेष विभिन्न माध्यमों से मिले हैं। समिति इन सभी सुझावों का अध्ययन कर रही है और उपयोगी सुझावों को अंतिम मसौदे में शामिल किया जा रहा है। समिति के आंकड़ों के अनुसार, सुझाव देने वालों में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। करीब 4 लाख महिलाओं में से 3.8 लाख (95 प्रतिशत) ने यूसीसी का समर्थन किया। वहीं 5.5 लाख पुरुषों में से लगभग 5.1 लाख (92 प्रतिशत) ने भी इसके पक्ष में राय दी। धार्मिक समुदायों के आधार पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने यूसीसी का समर्थन किया है। इसमें मुस्लिम समुदाय से प्राप्त करीब 29 हजार सुझावों में 38 प्रतिशत लोगों ने यूसीसी के पक्ष में राय रखी। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों से भी करीब 2 हजार सुझाव समिति को मिले हैं।

एमपी में बेरोजगारी की दर सबसे कम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश वह सब करने जा रहा है, जो देश के लिए जरूरी है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना रहा है। डॉ. मुखर्जी के उदात्त विचार को लेकर हम औद्योगिकीकरण की ओर बढ़ रहे हैं। हम हर वर्ग के जीवन में कल्याण करने की तरफ बढ़ रहे हैं। डॉ. मुखर्जी जिस प्रकार के भारत की कल्पना करते थे, हम वह राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर हैं। मध्यप्रदेश ने पहली बार डिफेंस के सेक्टर में स्वर्णिम इतिहास लिखा है। अब हमारे प्रदेश के अंदर तमाम प्रकार के रक्षा उत्पाद बनेंगे। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश को सर्वांगीण रूप से सशक्त करते हुए, सक्षम करते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ेंगे। सीएम ने कहा कि आज मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि पूरे देश में मध्यप्रदेश वो स्थान है, जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है। प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Halchal