Dailyhunt
मई की शुरुआत में महंगाई का डबल झटका, छोटे और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी

मई की शुरुआत में महंगाई का डबल झटका, छोटे और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी

ई महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई का बड़ा झटका लेकर आई है। एक ओर जहां कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला, वहीं अब 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, छोटे सिलेंडर की कीमत में ₹261 प्रति सिलेंडर का इजाफा किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

ताजा बढ़ोतरी के बाद 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत ₹549 से बढ़कर ₹810 हो गई है। एक साथ इतनी बड़ी बढ़ोतरी खासकर छोटे उपभोक्ताओं के लिए बड़ा झटका है। इससे पहले 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ₹993 की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत ₹2,078.50 से बढ़कर ₹3,071.50 हो गई है।

इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोज कमाकर अपना गुजारा करते हैं। 5 किलो वाले सिलेंडर का उपयोग अधिकतर प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे दुकानदार करते हैं। दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों और अस्थायी रूप से रहने वाले मजदूरों के लिए अब रसोई चलाना और महंगा हो जाएगा। वहीं, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले और छोटे ढाबा संचालकों की लागत भी बढ़ेगी।

गैस की कीमतों में इस तेज उछाल के पीछे अंतरराष्ट्रीय हालात को वजह माना जा रहा है। फरवरी के अंत में ईरान से जुड़े तनाव के बाद वैश्विक स्तर पर एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब भारत में भी साफ नजर आ रहा है। पहले से ही बड़े शहरों में महंगाई का दबाव झेल रहे लोगों के लिए यह नई बढ़ोतरी और मुश्किलें खड़ी कर सकती है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Uttarakhand