Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
CM भगवंत मान का ऐलान: 1 अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए शुरू होंगी बस सेवाएं

CM भगवंत मान का ऐलान: 1 अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर, हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए शुरू होंगी बस सेवाएं

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की धार्मिक यात्रा योजना का विस्तार करते हुए श्रद्धालुओं के लिए नई बस सेवाओं की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से मोहाली से खाटू श्याम, सालासर धाम, ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू की जाएंगी, ताकि आर्थिक या अन्य कारणों से धार्मिक यात्रा नहीं कर पाने वाले लोग भी तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।

सेक्टर-79 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित 'एक शाम भगवान शिव के नाम' भक्ति संध्या कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की धार्मिक यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और सरकार इसी भावना के साथ धार्मिक यात्रा योजना का संचालन कर रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भूमि रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार और धार्मिक आयोजन मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में नफरत फैलाने की कोशिश करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से टैक्स के रूप में मिलने वाले धन का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 अगस्त से 'मावां धीया सम्मान योजना' के तहत करीब 40 लाख महिलाओं के मोबाइल फोन पर सहायता राशि जमा होने के संदेश फिर मिलने शुरू हो जाएंगे। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रांतीय नेता दीपक बाली और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Uttarpradesh Hindi