Dailyhunt
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: चलती कार में लगी आग, 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: चलती कार में लगी आग, 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक भयावह हादसा हो गया। मौजपुर के पास रात करीब एक बजे दिल्ली से कोटा जा रही एक कार में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन कुछ ही मिनटों में आग के गोले में बदल गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाओं, एक बच्ची और एक पुरुष सहित कुल पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

कार चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया। राहगीरों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और एसएचओ नेकीराम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुकी थी। बाद में दो दमकलों ने आग पर काबू पाया। घायल चालक को पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर अलवर के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कैलाश जिंदल और एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Live Uttarpradesh Hindi