फरीदाबाद, 31 अगस्त (वेब वार्ता)। सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मंदिर परिसर में 65 साल के बुजुर्ग पुजारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, उनकी मौत कैसे हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मृतक की पहचान करीब 65 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। वह ओल्ड फरीदाबाद के पूर्ण एंक्लेव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश यादव पिछले करीब एक वर्ष से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। सोमवार सुबह मंदिर परिसर में पुजारी का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच की और मंदिर से जुड़े लोगों तथा आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुजारी के सिर पर चोट के निशान भी मिले।
घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुजारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके सिर पर चोट कैसे लगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। जांच टीम मंदिर परिसर में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना से पहले पुजारी की किसी से कोई कहासुनी या विवाद तो नहीं हुआ था। सराय एसीपी संदीप मोर ने बताया कि पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

