वीआईपी रोड स्थित एमएसडी टर्फ में बीकानेर माहेश्वरी समाज की ओर से बॉक्स क्रिकेट सीजन-2 का आयोजन किया गया। समाज की युवा टीम के नेतृत्व में आयोजित इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
आयोजन के दौरान बीकानेर शहर, गंगाशहर, उदयरामसर, सागर और भीनासर से कुल 12 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद मामा-भांजा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
आयोजन की जानकारी देते हुए समाज की युवा टीम के राहुल डागा और केशव चांडक ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज के युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ आपसी मेलजोल और भाईचारे को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही भोजन की व्यवस्था की गई थी। अनुकूल मौसम ने भी आयोजन में उत्साह बढ़ाया। समाज के परिवारों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

