श्रावण मास के पावन अवसर पर बालासा भक्त मंडल की ओर से विभिन्न सदस्यों के आवास पर प्रतिदिन शिवमहिम्न स्तोत्र पाठ का आयोजन किया जा रहा है। अलग-अलग सदस्यों के घर आयोजित हो रहे इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होकर सामूहिक रूप से शिव आराधना कर रहे हैं।
मंडल के जगदीश कोठारी ने बताया कि पंडित धनराज शास्त्री के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ के सुसज्जित दरबार में शिवमहिम्न स्तोत्र, शिवमानस पूजा और रुद्राष्टकम सहित विभिन्न स्तोत्रों का पाठ किया जाता है। श्रद्धालु एक स्वर में लयबद्ध होकर पाठ में शामिल होते हैं, जिससे वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
आयोजन के दौरान भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर बिल्वपत्र अर्पित किए जाते हैं। इसके बाद भजनों की प्रस्तुति होती है तथा सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाता है। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है।

