पिछले एक महीने में हुई करीब 60 इंच बारिश के बाद शहर में सड़कें धंसने और बड़े गड्ढे बनने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। बारिश थमने के बाद शहर के पॉश इलाके वेसू कैनाल रोड पर अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से विशाल गड्ढा बन गया।
इससे वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह सड़क हाल ही में बनाई गई थी और इसके नीचे से ड्रेनेज लाइन गुजरती है। लोगों ने आरोप लगाया कि ड्रेनेज लाइन और सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार की ओर से गुणवत्ता में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते सड़क धंसने की स्थिति बनी।
घटना की जानकारी मिलते ही सूरत महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए गड्ढे के आसपास तत्काल बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। इसके बाद मनपा की ओर से जेसीबी समेत आवश्यक मशीनरी मौके पर लगाई गई और गड्ढे को भरने तथा सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कर यातायात सामान्य करने की कार्रवाई की जा रही है।

