Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सूरत-उदयपुर के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, गुजरात को मिली छठी प्रीमियम ट्रेन

सूरत-उदयपुर के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, गुजरात को मिली छठी प्रीमियम ट्रेन

सूरत। डायमंड और टेक्सटाइल सिटी सूरत को आखिरकार अपनी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने सूरत और राजस्थान के उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है।

यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और मंगलवार को मेंटेनेंस के लिए बंद रहेगी। ट्रेन शुरू होने से सूरत के साथ-साथ मध्य और दक्षिण गुजरात से राजस्थान जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 8 कोच के साथ संचालित होगी। आने वाले नवरात्रि पर्व से पहले इसके शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इस ट्रेन के शुरू होने से गुजरात को छठी प्रीमियम वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिलेगी।

रात 11 बजे सूरत से रवाना होगी ट्रेन

सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 26903/26904 निर्धारित किया गया है। ट्रेन नंबर 26903 सूरत रेलवे स्टेशन से रात 11 बजे रवाना होगी और अगले दिन उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 26904 उदयपुर सिटी से दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे सूरत पहुंचेगी।

गुजरात और राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

नई वंदे भारत एक्सप्रेस को गुजरात और राजस्थान के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। गुजरात में भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद क्षेत्र, हिम्मतनगर और शामलाजी सहित प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का कमर्शियल स्टॉपेज रहेगा। राजस्थान में डूंगरपुर और झावेर समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

इन स्टॉपेज के कारण सूरत के अलावा भरूच, वडोदरा, मध्य गुजरात और उत्तर गुजरात के यात्रियों को भी उदयपुर और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक तेज और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

सप्ताह में छह दिन संचालन, मंगलवार को मेंटेनेंस

सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। प्रत्येक मंगलवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा। ट्रेन की प्राइमरी मेंटेनेंस सुविधा सूरत में रखी गई है, जबकि पानी की सुविधा वडोदरा और अहमदाबाद के असरवा स्टेशन पर उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रेन के शुरू होने से सूरत और राजस्थान के बीच व्यापारिक गतिविधियों के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर सूरत के व्यापारियों, टेक्सटाइल और डायमंड कारोबार से जुड़े लोगों तथा राजस्थान जाने वाले पर्यटकों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

असरवा-उदयपुर वंदे भारत की जगह अब सूरत तक विस्तार

नई ट्रेन को मंजूरी देने के साथ रेलवे बोर्ड ने मौजूदा उदयपुर सिटी-असरवा (अहमदाबाद) वंदे भारत एक्सप्रेस 26963/26964 के संचालन में भी बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत इस ट्रेन को सूरत तक विस्तारित किया जाएगा। इसके बाद ट्रेन का संचालन सूरत और उदयपुर के बीच किया जाएगा।

सूरत से राजस्थान के बीच सीधी वंदे भारत सेवा शुरू होने से लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब यात्रियों की नजर इस बात पर है कि नई सेवा का नियमित संचालन कब शुरू होता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Loktej