Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
6 जुलाई तक सतर्क रहें, जरूरी हो तभी घर से निकलें

6 जुलाई तक सतर्क रहें, जरूरी हो तभी घर से निकलें

* मुंबई, ठाणे, पालघर समेत कई जिलों में रेड अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्कमुंबई/दि.4-महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से 6 जुलाई तक विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लेने की अपील की है.

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में शनिवार और रविवार के लिए अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र, ठाणे, पालघर, रायगढ़, पुणे और नासिक के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश जारी है तथा आगामी दो दिनों तक स्थिति और गंभीर हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा होने की संभावना है. इसे देखते हुए राज्य सरकार लगातार नागरिकों को एसएमएस और अन्य माध्यमों से चेतावनी संदेश भेज रही है. उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है. संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि से बचने के लिए लोगों को अनावश्यक यात्रा टालने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि कई जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. उन्होंने नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक सावधानी बरतने का आग्रह किया.
* कोकण और घाट क्षेत्रों में बढ़ेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तट के समानांतर बने कम दबाव के लंबे क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण 4 से 7 जुलाई के बीच कोकण, मुंबई महानगर क्षेत्र तथा मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है. कई स्थानों पर अतिवृष्टि की संभावना जताई गई है.
* कनेक्टिंग लिंक पर गड्डों को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुंबई-पुणे द्रुतगति महामार्ग की नई कनेक्टिंग लिंक पर गड्डे पड़ने के आरोपों पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पूरी सड़क पर नहीं, बल्कि केवल दो स्थानों पर समस्या सामने आई है. तकनीकी जांच के बाद आवश्यक मरम्मत की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी नए मार्ग पर पहले मानसून में तकनीकी परीक्षण के बाद सुधार कार्य किए जाते हैं. मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागरिकों से पुनः अपील की कि अगले दो दिनों तक मौसम संबंधी सभी सरकारी अलर्ट पर नजर रखें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News