Dailyhunt
अभी तो और भी रिकॉर्डींग आएंगी सामने!

अभी तो और भी रिकॉर्डींग आएंगी सामने!

* पूर्व मंत्री बच्चू कडू पर लगाया निम्न स्तर की राजनीति करने का आरोप * कहा, अब बच्चू कडू का असली चेहरा हुआ है सभी के सामने उजागर
अमरावती/दि.3 -प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू पर अपने चचेरे भाई को किसी सडक हादसे में जान से मार देने की योजना बनाने का आरोप लगानेवाले अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे ने एक और सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि, अभी तो उन्होंने इस मामले से संबंधित केवल एक ही वीडियो क्लीप को पुलिस के सामने पेश किया है और अब जल्द ही इस मामले से संबंधित कुछ और वीडियो क्लीप भी सामने लाई जाएंगी.

जिनके जरिए पूर्व मंत्री बच्चू कडू का असली चेहरा सभी लोगों के सामने उजागर व बेनकाब होगा.
बता दें कि, अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे ने आज सुबह चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि, विगत दिसंबर माह के दौरान पूर्व मंत्री बच्चू कडू अपने कुरलपूर्णा परिसर स्थित निवास पर अपने दो सहयोगियों के साथ इस बात को लेकर चर्चा कर रहे थे कि, विधायक प्रवीण तायडे के चचेरे भाई को ट्रक के नीचे कूचलकर जान से मरवा दिया जाए और इसे सडक हादसे दर्शाया जाए. विधायक प्रवीण तायडे के मुताबिक उस समय मौके पर उपस्थित एक व्यक्ति ने इस पूरी बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. जिसकी ऑडिओ क्लीप भी विधायक तायडे ने चांदुर बाजार पुलिस को अपने द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के साथ दी थी.
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए विधायक प्रवीण तायडे ने कहा कि, चूंकि उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र से 4 बार विधायक रहे बच्चू कडू को पराजित किया था और अब वे इस क्षेत्र में विधायक के तौर पर काफी बेहतरीन ढंग से काम कर रहे है. जिसके चलते उन्हें और भी अधिक जनसमर्थन मिल रहा है. संभवत: यह बात लगातार 20 साल तक क्षेत्र के विधायक रह चुके और चार कार्यकाल के दौरान एक भी ढंग का काम नहीं करवानेवाले बच्चू कडू को काफी नागवार गुजर रही है. जिसके चलते बच्चू कडू ने उनके (तायडे) प्रभाव को कम करने के लिए अब अपराधिक सोच वाला रास्ता चुना है. जिसके तहत पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने उनके चचेरे भाई अभिजीत तायडे को जानबूझकर किसी सडक हादसे में मरवा देने के साथ ही उनके साथ रहनेवाले अन्य लोगों को भी इसी तरह रास्ते से हटाने की योजना बनानी शुरु की थी.
विधायक प्रवीण तायडे के मुताबिक उस ऑडिओ रिकॉर्डींग में पूर्व मंत्री बच्चू कडू साफ तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि, 'एक बार काम खल्लास हुआ तो फिर कोई झंझट ही नहीं रहेगी' जिसका सीधा मतलब निकाला व समझा जा सकता है. इसके साथ ही विधायक तायडे ने यह दावा भी किया कि, जिस गोपनीय साक्षीदार ने पूर्व मंत्री बच्चू कडू व उनके साथियों के बीच हुई बातचीत को रिकॉर्ड किया था, अब मामले के उजागर होने के बाद उस गोपनीय साक्षीदार को भी जान से मार देने की धमकियां दी जा रही है. साथ ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया जा रहा है.
इसके साथ ही विधायक तायडे ने यह भी कहा कि, इससे पहले भी पूर्व मंत्री बच्चू कडू व उनके समर्थकों द्वारा विधानसभा चुनाव में मिली हार की खुन्नस निकालने हेतु निर्वाचित जनप्रतिनिधि को भूमिपूजन के नाम पर किसी गांव में बुलाकर झंझटबाजी करने और कुछ महिलाओं को आगे करते हुए विनयभंग व एट्रॉसीटी एक्ट की धाराओं में फंसाने जैसे कामों की योजना बनाई गई थी. जिसके चलते कहा जा सकता है कि, पूर्व मंत्री बच्चू कडू एवं उनके समर्थक अब बेहद निम्न स्तर वाली एवं ओछी राजनीति पर उतर आए है. परंतु इसे कदापी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, बल्कि अब एक-एक कर इस मामले से जुडे सभी सबूतों को सामने रखते हुए पूर्व मंत्री बच्चू कडू के असली चेहरे को बेनकाब किया जाएगा.

* लोकतंत्र में इस तरह की मानसिकता स्वीकार्य नहीं
- पालकमंत्री बावनकुले ने दी संतप्त प्रतिक्रिया
वहीं आज अमरावती के दौरे पर पहुंचे राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस पूरे मामले को लेकर जानकारी मिलने के बाद अपनी संतप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की मानसिकता कतई व कदापी स्वीकार नहीं की जा सकती है. लोकतांत्रिक पद्धती से कराए जानेवाले चुनावों में किसी न किसी की हार-जीत तो होती ही रहती है, परंतु कोई चुनाव हार जाने के बाद उस हार की खुन्नस निकालने के लिए विजेता प्रत्याशी या उसके परिवार के किसी व्यक्ति को जान से मार देने की योजना बनाना निकृष्ठ मानसिकता व ओछी राजनीति का संकेत है. इसके साथ ही पालकमंत्री बावनकुले ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि, इस पूरे मामले की अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा बेहद गंभीरता के साथ जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News