Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अमरावती जिले में खरीफ की 50 फीसद बुआई पूरी

अमरावती जिले में खरीफ की 50 फीसद बुआई पूरी

* सोयाबीन दूसरे स्थान पर, मूंग-उड़द का रकबा लगातार घटा * अच्छी बारिश से बुआई ने पकड़ी रफ्तार
अमरावती/दि.4 - जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही अच्छी बारिश के चलते खरीफ फसलों की बुआई ने रफ्तार पकड़ ली है.

जून में कमजोर बारिश के कारण रुकी बुआई को आर्द्रा नक्षत्र की वर्षा से गति मिली है. अब तक जिले के कुल खरीफ रकबे का लगभग 50 प्रतिशत क्षेत्र बुआई के दायरे में आ चुका है. इस वर्ष किसानों का सबसे अधिक रुझान कपास की खेती की ओर दिखाई दे रहा है, जबकि मूंग और उड़द का रकबा लगातार घटता नजर आ रहा है.
जिले में खरीफ सीजन के दौरान औसतन 6 लाख 82 हजार 992 हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई होती है. इनमें से अब तक 3 लाख 43 हजार 500 हेक्टेयर में बुआई पूरी हो चुकी है. पिछले तीन दिनों में जिले में 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे शेष क्षेत्रों में भी बुआई तेज होने की संभावना है. कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार कुल बुआई क्षेत्र का 21 प्रतिशत हिस्सा कपास के तहत आ चुका है, जबकि 19 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बुआई हुई है. अब तक 1 लाख 49 हजार 631 हेक्टेयर में कपास तथा 1 लाख 30 हजार 667 हेक्टेयर में सोयाबीन की बुआई हो चुकी है. वहीं तुअर की बुआई अभी अपेक्षाकृत धीमी है और मूंग-उड़द का रकबा काफी कम बना हुआ है.
पिछले सीजन में कपास को मिले अच्छे बाजार भाव और सरकारी खरीद का लाभ मिलने से इस वर्ष किसानों का झुकाव कपास की ओर बढ़ा है. वहीं पिछले कुछ वर्षों में मक्का का रकबा बढ़ा है, जबकि मूंग और उड़द की खेती लगातार घट रही है. तहसील स्तर पर धामनगांव रेलवे में सबसे अधिक 65 प्रतिशत बुआई पूरी हुई है. इसके बाद दर्यापुर में 61 प्रतिशत, अंजनगांव सुर्जी में 52 प्रतिशत, अमरावती और तिवसा में 51-51 प्रतिशत क्षेत्र में बुआई हो चुकी है. कपास की बुआई में दर्यापुर सबसे आगे है, जहां 35 हजार हेक्टेयर में कपास बोया गया है. इसके अलावा धामनगांव रेलवे में 14,400 हेक्टेयर, मोर्शी में 13,358 हेक्टेयर और अंजनगांव सुर्जी में 12,530 हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की बुआई पूरी हो चुकी है.
* जिले में अब तक की खरीफ बुआई (हेक्टेयर में)
- कुल खरीफ क्षेत्र : 6,82,992
- अब तक बुआई : 3,43,500
- बुआई प्रतिशत : 50%
- कपास : 1,49,631
- सोयाबीन : 1,30,667
- तुअर : 43,915
- मक्का : 17,019
- धान : 1,145
- ज्वार : 672
- मूंग : 154
- उड़द : 95
* अमरावती में लगातार बारिश के बावजूद कोई बड़ा नुकसान नहीं
जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बावजूद अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव और छोटे-मोटे व्यवधान देखने को मिले, लेकिन प्रशासन की सतर्कता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी हुई है. बारिश से किसानों में खुशी का माहौल है और खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिली है. जलाशयों और तालाबों में भी जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे आगामी दिनों में सिंचाई की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है. जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें. फिलहाल जिले में किसी भी बड़ी आपदा या व्यापक नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News