Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बडनेरा के दुर्गापुर परिसर के खेत के कुएं में मिली युवक की लाश का मामला

बडनेरा के दुर्गापुर परिसर के खेत के कुएं में मिली युवक की लाश का मामला

* पुलिस आयुक्त राकेश ओला को सौंपा ज्ञापनअमरावती/दि.2 -बडनेरा क्षेत्र के दुर्गापुर मंदिर के पीछे स्थित एक खेत के कुएं में 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है.

मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस आयुक्त राकेश ओला से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, वरुडा निवासी प्रसन्न किशोर कलालकर (16) की 29 मई की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के पिता किशोर साहेबराव कलालकर ने पुलिस आयुक्त को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र एक इलेक्ट्रीशियन के रूप में काम करता था. ज्ञापन के मुताबिक घटना वाले दिन शाम करीब 5 बजे प्रसन्ना के चाचा ने उसे निर्माण कार्य पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने अपने दोस्त के बुलाने और एक पार्टी में जाने की बात कहकर वहां से चला गया. शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच परिवार को फोन पर सूचना मिली कि प्रसन्ना कुएं में गिर गया है.
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकाला. परिजनों का आरोप है कि शव बाहर निकालने के बाद उन्होंने देखा कि मृतक के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे. उसी रस्सी से एक प्लास्टिक की बाल्टी और फाइबर की कुर्सी भी बंधी हुई थी. इसके अलावा उसके पैर फंसे हुए थे तथा दाहिनी आंख और नाक से खून बह रहा था. परिजनों का कहना है कि प्रसन्ना को तैरना आता था, इसलिए सामान्य रूप से कुएं में गिरने से उसकी मौत होने की संभावना कम लगती है. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है.
मृतक के पिता ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि घटना के समय प्रसन्ना के साथ मौजूद बताए जा रहे चार युवक- सुमित विजय कदम, हर्षल संदीप चौधरी, सोहम विलास पोल और अथर्व अजय जगदाले- घटना के बाद मौके से चले गए. इस कारण परिवार को उन पर संदेह है. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और वैज्ञानिक तरीके से जांच करने की मांग की है. उनका कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जाए और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी. वहीं इस घटना से वरुडा और आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News