* 12 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल बरामद, करीब 6 लाख रुपये का माल जब्त * अमरावती ग्रामीण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा, मुख्य आरोपी पर पहले से 25 आपराधिक मामले दर्ज अचलपुर/परतवाड़ा /दि.4- अमरावती ग्रामीण जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के डीबी पथक ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 12 चोरी की मोटरसाइकिलें और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 8 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं की गहन जांच की जा रही थी. जिले में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को घटनास्थल, अपराध की कार्यप्रणाली और अपराधियों की गतिविधियों का विश्लेषण कर चोरी के मामलों का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे.
* घरफोड़ चोरी की जांच से मिला अहम सुराग
30 जुलाई 2026 को परतवाड़ा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 331(4) और 305(अ) के अंतर्गत घरफोड़ चोरी का मामला दर्ज किया गया था. इस घटना में एक मोटरसाइकिल तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि परतवाड़ा का रिकॉर्ड पर दर्ज अपराधी अक्षय मोहन उईके अपने साथियों के साथ उक्त चोरी में शामिल है. सूचना मिलते ही डीबी पथक ने जाल बिछाकर आरोपी को हिरासत में लिया.
* चोरी की हॉर्नेट बाइक बरामद, फिर खुला बड़ा राज
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी हुई हॉर्नेट मोटरसाइकिल (एमएच-27-सीपी-7551) बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 1 अगस्त को न्यायालय में पेश किया. न्यायालय ने आरोपी को 5 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए. उसने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की गई कई मोटरसाइकिलें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी हैं. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 12 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं.
* 8 वाहन चोरी के मामले सुलझे
बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबरों की जांच करने पर पता चला कि ये वाहन अमरावती ग्रामीण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे. जांच में कुल 8 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ. उजागर हुए मामलों में परतवाड़ा, मोर्शी, शिरजगांव और वरुड पुलिस थाना क्षेत्र के अपराध शामिल हैं.
* तीन चोरी के मोबाइल भी मिले
वाहनों के अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ये मोबाइल किन मामलों से संबंधित हैं और इनके वास्तविक मालिक कौन हैं.
* मध्यप्रदेश से दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी आशिक उर्फ बिसलरी माणिक उईके निवासी लहास, तहसील भैंसदेही, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को आशंका है कि इनके खिलाफ अन्य जिलों में भी अपराध दर्ज हो सकते हैं.
* मुख्य आरोपी पर पहले से 25 मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी अक्षय मोहन उईके निवासी कालीमाता नगर, फॉरेस्ट डिपो, परतवाड़ा, थाना अचलपुर, जिला अमरावती, एक शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ परतवाड़ा, मोर्शी, शिरजगांव, चांदूर बाजार, आसेगांव और वरुड पुलिस थानों में घरफोड़ चोरी, चोरी तथा डकैती की तैयारी जैसे गंभीर अपराधों के कुल 25 मामले दर्ज हैं. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय था तथा उसकी गिरफ्तारी से कई अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना है.
* पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी अजय आकरे, सहायक पुलिस निरीक्षक सलीम शेख, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल सचिन होले, सुधीर राऊत, पुलिसकर्मी घनश्याम किरोले, चंद्रशेखर वानखड़े, सचिन कोकने, शुभम शर्मा, जितेश बाबील, चालक अमन सिसोदिया तथा महिला पुलिसकर्मी वैशाली पवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और परतवाड़ा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी और घरफोड़ के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है.

