Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एकतरफा प्यार के चलते युवती पर दराती से हमला

एकतरफा प्यार के चलते युवती पर दराती से हमला

* घायल युवती का इर्विन अस्पताल में चल रहा इलाज * 35 वर्षीय आरोपी योगेश स्वर्गे की सरगर्मी से तलाश जारी
अमरावती/दि.3 - शहर के लक्ष्मीनारायण नगर क्षेत्र में मंगलवार शाम लगभग छह बजे योगेश स्वर्गे (35, भानखेडा) नामक आरोपी द्वारा 18 वर्षीय युवती पर एक धारदार दराती (हंसिए) से प्राणघातक हमला करते हुए उसे बुरी तरह घायल कर दिया गया.

इस घटना के बाद घायल युवती को मरणासन्न स्थिती में इलाज हेतु इर्विन अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं राजापेठ पुलिस द्वारा आरोपी युवक की सरगर्मी से तलाश करनी शुरू की है. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह हमला एकतरफा प्यार वाले मामले की वजह से हुआ है, ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है.
इस संदर्भ में दर्ज करायी गई शिकायत के मुताबिक लक्ष्मीनारायण नगर परिसर में अपनी मां के साथ रहनेवाली युवती कल 2 जुलाई की शाम अपने रिहायशी क्षेत्र में सडक से गुजर रही थी. तभी योगेश स्वर्गे उसके पिछे पहुंचा और उसका रास्ता अडाते हुए उसके साथ वादविवाद करने लगा. योगेश स्वर्गे इस बात को लेकर नाराज था कि उक्त युवती उससे बात क्यों नहीं करती है. इसी बात को लेकर हुए झगडे के दौरान योगेश स्वर्गे ने अपने पास से तेज धारदार दराती निकालकर उक्त युवती के कान, सिर, पांव एवं पीठ पर सपासप वार किए. जिससे उक्त युवती बुरी तरह से घायल हो गई. यह पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 (1), 78 व 126 (2) के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरू कर दी है. * अपने घरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए सभी लोग
- पार्षद महेश मुलचंदानी ने जारी की अपील
इस घटना को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के पार्षद महेश मुलचंदानी ने परिसरवासियों से अपने-अपने घरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील जारी की है. पार्षद मुलचंदानी के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराते हैं. इसके साथ ही पार्षद महेश मूलचंदानी ने नागरिकों से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा है कि यदि किसी परिसर या मोहल्ले में कोई अज्ञात व्यक्ति बार-बार संदिग्ध रूप से दिखाई देता है तो उसकी सूचना तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर दें. उन्होंने कहा कि सामूहिक सतर्कता और तकनीकी सुरक्षा उपायों से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. उन्होंने नागरिकों से अपने निवास स्थान और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News