अमरावती /दि.8- नांदगांव पेठ क्षेत्र में जंगली जानवरों का बढ़ता आतंक किसानों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है. ताजा मामले में किसान संजय रामभाऊ इंगले के तीन एकड़ खेत में लगी अरहर (तुअर) की पूरी फसल जंगली जानवरों ने नष्ट कर दी, जिससे उन्हें करीब 2.40 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है.
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष बारिश में देरी के कारण बुवाई भी देर से हुई थी. बारिश शुरू होने के बाद किसानों ने मुश्किल से अरहर की बुवाई की थी और फसल में अंकुर निकलने लगे थे. इसी दौरान जंगली जानवरों का झुंड खेत में घुस आया और कुछ ही घंटों में पूरी फसल बर्बाद कर दी. किसान संजय इंगले ने बताया कि उनके खेत से हर वर्ष प्रति एकड़ लगभग 10 क्विंटल तुअर का उत्पादन होता है. इस हिसाब से इस वर्ष तीन एकड़ से करीब 30 क्विंटल उपज मिलने की उम्मीद थी. वर्तमान बाजार भाव के अनुसार इसकी कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये होती, लेकिन फसल नष्ट होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
किसानों का कहना है कि यह घटना केवल एक खेत तक सीमित नहीं है. नांदगांव पेठ क्षेत्र के कई गांवों में जंगली जानवरों द्वारा फसलें उजाड़े जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों में रोष है. प्रभावित किसानों ने वन विभाग और राजस्व प्रशासन से तत्काल नुकसान का पंचनामा कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही जंगली जानवरों पर प्रभावी नियंत्रण, फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी उपाय तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है.

