Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
नागपुर में नवोदित महिला क्रिकेट खिलाडी की आत्महत्या

नागपुर में नवोदित महिला क्रिकेट खिलाडी की आत्महत्या

* वीसीए की अंडर-19 टीम में चयन नहीं होने से निराश होकर उठाया आत्मघाती कदम * अकोला निवासी अदिती चौखंडे नागपुर में रहकर कर रही थी क्रिकेट की प्रैक्टीस
* महिला क्रिकेट टीम में शामिल होने की जमकर कर रही थी तैयारी, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

* आदिती चौखंडे ने कम उम्र में बनाई थी पहचान, परिवार और खेल जगत में शोक की लहर
नागपुर/दि.31 -विदर्भ के खेल जगत को झकझोर देने वाली एक दुखद घटना में अकोला की 17 वर्षीय उभरती महिला क्रिकेट खिलाड़ी अदिति मोरेश्वर चौखंडे की नागपुर में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुई विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) की अंडर-19 चयन प्रक्रिया में जगह नहीं मिलने के बाद वह मानसिक तनाव में थी. घटना के बाद खेल जगत, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में गहरा शोक व्याप्त है.
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार तड़के बजाजनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित एक आवासीय परिसर में सामने आई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से एक हस्तलिखित नोट मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
* क्रिकेट में बड़ा नाम बनाने का था सपना
मूल रूप से अकोला की रहने वाली अदिति चौखंडे बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित थी. उसने अंडर-15 स्तर पर विदर्भ का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. बेहतर प्रशिक्षण और उच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने के लक्ष्य के साथ वह नागपुर आई थी और यहां एक क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रही थी. परिचितों के अनुसार आदिती मेहनती, अनुशासित और खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित खिलाड़ी थी. उसका सपना राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना था. यही कारण था कि चयन प्रक्रिया में सफलता न मिलने की खबर उसके लिए बड़ा झटका साबित हुई.
* परिवार को थी बड़ी उम्मीद
आदिती के परिवार ने उसकी क्रिकेट यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया था. उसके पिता और भाई अकोला में रहते हैं, जबकि वह अपनी माता के साथ नागपुर में रहकर क्रिकेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी. परिवार को उम्मीद थी कि आने वाले वर्षों में वह विदर्भ और देश का नाम रोशन करेगी. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अकोला और नागपुर के खेल क्षेत्र में भी शोक का माहौल है. कई खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने आदिती को प्रतिभाशाली क्रिकेटर बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है.
* चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल, लेकिन जांच जारी
घटना के बाद क्रिकेट जगत में चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत या आरोप सामने नहीं आया है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कर रही हैं. फिलहाल बजाजनगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस परिवार, प्रशिक्षकों और संबंधित व्यक्तियों से जानकारी जुटा रही है. पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News