Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सिर्फ 2,500 रुपये में मिलेगा रूफटॉप सोलर

सिर्फ 2,500 रुपये में मिलेगा रूफटॉप सोलर

* बीपीएल और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राज्य सरकार की 'स्मार्ट' योजना * अमरावती में 4.39 लाख से अधिक उपभोक्ता पात्र
अमरावती/दि.5 - राज्य सरकार की 'स्वयंपूर्ण महाराष्ट्र रेजिडेंशियल रूफटॉप सोलर योजना' के तहत गरीबी रेखा से नीचे और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को रियायती दर पर रूफटॉप सोलर संयंत्र उपलब्ध कराया जाएगा.

इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों का बिजली बिल लगभग शून्य हो जाएगा. महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने पात्र उपभोक्ताओं से 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर योजना का लाभ लेने की अपील की है.
अमरावती परिमंडल में इस योजना के लिए 4,39,809 उपभोक्ता पात्र हैं. इनमें अमरावती जिले के 2,13,592 और यवतमाल जिले के 2,26,217 उपभोक्ता शामिल हैं. वर्ष 2026-27 में प्रारंभिक चरण में 19,043 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा. इनमें 2,088 बीपीएल तथा 16,955 अन्य पात्र उपभोक्ता शामिल हैं.
* सब्सिडी के बाद इतनी होगी लागत
एक किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र की अनुमानित लागत करीब 50 हजार रुपये है. बीपीएल परिवारों को केंद्र सरकार से 30,000 रुपये तथा राज्य सरकार से 17,500 रुपये की सब्सिडी मिलेगी. ऐसे लाभार्थियों को केवल 2,500 रुपये का अंशदान करना होगा. नुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों को अतिरिक्त सहायता मिलने से उन्हें लगभग 5,000 रुपये का योगदान देना होगा. अन्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लाभार्थियों को लगभग 10,000 रुपये का अंशदान करना होगा.
* बिजली बिल के साथ होगी अतिरिक्त कमाई
योजना के तहत भारत में निर्मित आईईसी प्रमाणित सोलर पैनल लगाए जाएंगे तथा पांच वर्ष तक निःशुल्क रखरखाव की सुविधा भी मिलेगी. सोलर संयंत्र से उत्पादित अतिरिक्त बिजली महावितरण को बेचकर उपभोक्ता अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे. अब तक 8,082 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है. सर्वेक्षण प्रक्रिया के बाद तीन लाभार्थियों ने आवश्यक अंशदान जमा कर दिया है. महावितरण ने पात्र उपभोक्ताओं से राष्ट्रीय सोलर पोर्टल पर पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mandal News