Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दर्शकों के दिलों तक पहुंची 'Main Vaapas Aaunga', लोगों के प्यार से गदगद हुए Imtiaz Ali

दर्शकों के दिलों तक पहुंची 'Main Vaapas Aaunga', लोगों के प्यार से गदगद हुए Imtiaz Ali

म्तियाज़ अली (Imtiaz Ali) की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' (Main Vaapas Aaunga) लगातार बॉक्स ऑफिस के ट्रेंड बदल रही है. पहले हफ्ते में फ्लॉप मानी जा रही इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों में ऐसी जगह बनाई कि अब चौथे वीकेंड में भी इसका कलेक्शन पहले वीकेंड के बराबर पहुंच गया है.

दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh), नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah), वेदांग रैना (Vedang Raina) और शरवरी (Sharvari) अभिनीत यह फिल्म मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के दम पर लगातार सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है.

फिल्म की इस सफलता के बीच निर्देशक इम्तियाज़ अली ने दर्शकों के प्यार पर खुशी जताते हुए फिल्म के सफर, बंटवारे की संवेदनशील कहानी, कास्टिंग और थिएटर में फिल्म देखने के अनुभव पर खुलकर बात की. आइये जानते हैं उन्होंने क्या कहा ....

दर्शकों ने जीरो से हीरो बना दिया

मीडिया से बात करते हुए इम्तियाज़ अली ने कहा कि जिस तरह लोगों ने उनकी फिल्म को अपनाया है, उससे वह बेहद भावुक हैं. उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार किसी भी पुरस्कार से बड़ा होता है. उनके मुताबिक, यह सब भगवान की कृपा है और लोगों के विश्वास ने उन्हें नई एनर्जी दी है.

वहीं फिल्म की कहानी पर बात करते हुए इम्तियाज़ अली ने बताया कि फिल्म उस दौर की कहानी कहती है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई सीमा नहीं थी. लोग एक-दूसरे के साथ रहते थे, लेकिन बंटवारे ने लाखों परिवारों को हमेशा के लिए अलग कर दिया. उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन सभी लोगों को समर्पित है, जिन्होंने बंटवारे के दौरान अपना घर, रिश्तेदार और बचपन खो दिया.

Also Read: Anshula Kapoor Wedding: बेटी अंशुला की शादी पर इमोशनल हुए बोनी कपूर, शेयर कीं अनदेखी तस्वीरें

'मैं वापस आऊंगा' कैसे बना फिल्म का शीर्षक

इस दौरान इम्तियाज़ अली ने बताया कि उन्होंने जिन लोगों से बंटवारे की कहानियां सुनीं, लगभग सभी की जुबान पर एक ही बात थी—"हम तो सोचकर निकले थे कि कुछ दिनों बाद लौट आएंगे." कई लोगों ने अपने घरों की चाबियां पड़ोसियों के पास छोड़ दी थीं. कुछ ने अपने सामान और गहने भी यह सोचकर सुरक्षित रखवा दिए थे कि वे जल्द वापस आ जाएंगे. लेकिन वह वापस कभी नहीं लौट पाए. उनके मुताबिक, यही भावना फिल्म के शीर्षक और सबसे बड़े संवाद की प्रेरणा बनी.

कास्टिंग में जोड़ी नहीं, किरदार सबसे अहम होता है

वेदांग रैना और शरवरी की जोड़ी की तारीफ पर इम्तियाज़ अली ने कहा कि वह कभी कलाकारों को जोड़ी के रूप में नहीं देखते. उन्होंने कहा, सबसे जरूरी बात यह होती है कि कलाकार अपने किरदार के लिए कितना सही है. उन्होंने कहा कि असली केमिस्ट्री स्क्रिप्ट में होती है, कलाकार सिर्फ उसे पर्दे पर जीवंत बनाते हैं.

अच्छी फिल्म का कोई तय जॉनर नहीं होता

आज के दौर में एक्शन फिल्मों की लोकप्रियता के सवाल पर इम्तियाज़ अली ने कहा कि दर्शक कभी जॉनर देखकर फिल्म नहीं चुनते. उनका मानना है कि अगर कहानी दिल को छूने वाली हो तो लोग हर तरह की फिल्म देखने के लिए तैयार रहते हैं. प्रेम कहानियों की अपनी अलग जगह हमेशा रही है और आगे भी रहेगी.

Also Read: 6 से 12 जुलाई तक ओटीटी पर होगी एंटरटेनमेंट की बारिश, Sunny Deol की 'Ikka' से Ram Charan की 'Peddi' तक देखें ये फिल्में

थिएटर तक दर्शकों का पहुंचना बड़ी उपलब्धि

उन्होंने कहा कि आज जब कई लोग फिल्मों का ओटीटी पर इंतजार करते हैं, ऐसे समय में दर्शकों का सिनेमाघरों तक आना पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए अच्छी खबर है. इम्तियाज़ ने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने फिल्म देखने के बाद दूसरों को भी थिएटर जाकर फिल्म देखने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने माना कि किसी भी फिल्म के लिए 'वर्ड ऑफ माउथ' सबसे बड़ी ताकत होती है.

'रॉकस्टार' से आगे बढ़ने की बात पर कहा

जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने लोगों से अपनी लोकप्रिय फिल्म 'रॉकस्टार' (Rockstar) से आगे बढ़ने की बात क्यों कही थी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि यह उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था. उन्होंने कहा कि अगर किसी फिल्म ने लोगों के दिल में जगह बना ली है तो यह किसी भी निर्देशक के लिए गर्व की बात होती है. दर्शकों का अपनी फिल्मों से भावनात्मक जुड़ाव उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है.

दर्शकों की भावनाओं ने किया इमोशनल

वहीं इंटरैक्शन के दौरान कई दर्शकों ने बंटवारे से जुड़े अपने परिवारों के अनुभव साझा किए. किसी ने अपने दादा-दादी की कहानी सुनाई तो किसी ने फिल्म देखकर भावुक होने की बात कही. दर्शकों से बातचीत के दौरान एक महिला ने बताया कि फिल्म देखने को लेकर उनकी अपने पति से बहस हो गई थी. इसके बाद वह अपनी सास को साथ लेकर थिएटर पहुंचीं. फिल्म देखने के बाद उनकी सास को भी यह कहानी बहुत पसंद आई और वह काफी भावुक हो गईं. वहीं, कई लोगों ने इम्तियाज़ अली से कहा कि वे आगे भी ऐसी प्यार और भावनाओं से भरी फिल्में बनाते रहें. दर्शकों का इतना प्यार और अपनापन देखकर इम्तियाज़ अली भी काफी खुश नजर आए.

'मैं वापस आऊंगा' का कलेक्शन

'मैं वापस आऊंगा' ने 24वें दिन 2.20 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसी के साथ फिल्म का टोटल नेट इंडिया कलेक्शन 57.50 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 87.24 करोड़ रुपये हो गया है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mayapuri