रियलिटी शो 'द अलायंस' (The Alliance) में इन दिनों डेजी शाह (Daisy Shah) अपने शांत स्वभाव, ईमानदार गेम और बेहतरीन परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत रही हैं. जहां बाकी कंटेस्टेंट्स रणनीति, प्लानिंग और लड़ाई-झगड़ों में उलझे नजर आते हैं, वहीं डेज़ी बिना किसी राजनीति के अपना खेल खेल रही हैं.
हाल ही में डेज़ी की माँ रंजन शाह (Ranjan Shah) ने एक खास बातचीत में उनकी गेम स्ट्रैटेजी, शो में आने का फैसला, खान परिवार से रिश्ते, शो के अन्य कंटेस्टेंट्स और डेज़ी के स्वभाव को लेकर खुलकर बात की. आइये जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा.....
जब डेजी शाह को 'द अलायंस' ऑफर हुआ था, तब क्या वह पहले से तैयार थीं या आपने उन्हें समझाया?
जब डेज़ी के पास शो का ऑफर आया, तब उन्होंने सबसे पहले मुझसे बात की. उनका सबसे बड़ा डर यही था कि कहीं यह भी वैसा शो न हो जहां हर समय लड़ाई-झगड़े और विवाद होते रहते हैं. मैंने उनसे सिर्फ इतना कहा कि पहले खुद जाकर देखो, बिना देखे किसी भी शो के बारे में राय मत बनाओ. उसके बाद उन्होंने शो में हिस्सा लेने का फैसला किया. वहां पहुंचने के बाद उन्हें शो बहुत पसंद आया.
लेकिन उन्हें रियलिटी शो करने में हिचकिचाहट क्यों थी?
डेज़ी हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बहुत प्राइवेट रही हैं. उन्हें डर था कि कहीं कोई उनकी निजी जिंदगी को लेकर सवाल न पूछे और फिर बेवजह विवाद न हो जाए. वह ऐसी इंसान नहीं हैं जो लड़ाई-झगड़ों में पड़ें. वह बहुत सीधी-सादी और अपने काम पर ध्यान देने वाली लड़की हैं.
Anand Raaj Anand ने नेपोटिज्म पर रखी बेबाक राय, बोले- परिवार का साथ देना स्वाभाविक है
फिर उन्होंने रियलिटी शो करने का फैसला कैसे लिया गया?
हमने सोचा कि एक बार करके देखते हैं. पहले उन्हें खुद भी यकीन नहीं था कि वह करेंगी या नहीं, लेकिन फिर उन्होंने कहा कि एक मौका देना चाहिए. बस वहीं से यह सफर शुरू हुआ.
अब तक डेज़ी का गेम आपको कैसा लग रहा है?
मुझे उनका गेम बहुत पसंद आ रहा है. वह बिना किसी राजनीति के खेल रही हैं. किसी के खिलाफ प्लानिंग या प्लॉटिंग नहीं कर रही हैं. वह जैसी असल जिंदगी में हैं, वैसी ही शो में भी दिखाई दे रही हैं. यही उनकी सबसे बड़ी खूबी है.
कई बार ऐसा देखने को मिला कि सामने लोग कुछ और कहते हैं और पीछे कुछ और. क्या आपको लगता है कि डेज़ी को टारगेट किया जा रहा है?
मैं बाहर से सब देख रही हूं. कई बार ऐसा महसूस होता है कि कुछ लोग अलग तरह से गेम खेल रहे हैं. उदाहरण के तौर पर अली गोनी (Aly Goni) ने पहले डेज़ी से कहा कि वह उनका साथ देंगे, लेकिन बाद में उनका व्यवहार अलग नजर आया. फर्क सिर्फ इतना है कि अली ने पहले भी कई रियलिटी शो किए हैं. उन्हें पता है कि लोगों से कैसे बात करनी है और गेम कैसे खेलना है. लेकिन डेज़ी ऐसी नहीं हैं. वह बिल्कुल नैचुरल हैं और किसी तरह की चालाकी नहीं करतीं.
टास्क में डेज़ी का प्रदर्शन आपको कैसा लगता है?
वह हर टास्क में अपना 100 प्रतिशत देती हैं. जीत और हार किसी के हाथ में नहीं होती क्योंकि सभी जीतने आए हैं. लेकिन मुझे इस बात की खुशी है कि चाहे वह जीतें या हारें, उनका प्रदर्शन हमेशा शानदार रहता है. एक मां होने के नाते मैं चाहती हूं कि आखिर में वही ट्रॉफी जीतकर आएं.
शो में काफी लड़ाई-झगड़े और गाली-गलौज भी देखने को मिलती है. क्या यह माहौल डेज़ी के लिए मुश्किल है?
बिल्कुल, क्योंकि वह कभी ऐसे माहौल का हिस्सा नहीं रही हैं. आपने पहले भी उनके काम में देखा होगा कि जहां लड़ाई होती है, वह वहां से हट जाना पसंद करती हैं. वह कभी किसी की लड़ाई में नहीं पड़तीं और यहां भी वही कर रही हैं.
कुछ लोग कहते हैं कि डेज़ी रियलिटी शो के लिए मिसफिट हैं क्योंकि वह लड़ाई से दूर रहती हैं. आप क्या कहेंगी?
मैं बिल्कुल भी ऐसा नहीं मानती. हर इंसान का अपना तरीका होता है. किसी को राजनीति करनी है तो करे, किसी को लड़ना है तो लड़े. डेज़ी अपनी मर्यादा में रहकर खेलना जानती हैं. वह जैसी हैं, वैसी ही रहना चाहती हैं. यही उनकी असली पहचान है.
सोहेल खान के शो में आने और उनसे मुलाकात को आप कैसे देखती हैं?
यह बहुत अच्छा पल है. मुझे यह देखकर गर्व महसूस होता है. डेज़ी और खान परिवार का रिश्ता हमेशा बहुत अच्छा रहा है.
गेम में डेज़ी को किन लोगों के साथ दोस्ती रखनी चाहिए?
मेरा मानना है कि उन्हें सभी के साथ बराबरी का रिश्ता रखना चाहिए. किसी से दूरी बनाने की जरूरत नहीं है. वह जैसी हैं, सबके साथ वैसे ही रहें.
शो में डेज़ी का एक अलग ही इमोशनल और केयरिंग नेचर देखने को मिल रहा है.
डेज़ी बहुत इमोशनल इंसान हैं. वह किसी को दुखी नहीं देख सकतीं. अगर कोई रोता है तो वह खुद भी अंदर से दुखी हो जाती हैं. उन्हें अच्छा लगता है जब सब लोग हंसते-बोलते हैं. किसी को परेशान देखकर वह खुद भी परेशान हो जाती हैं.
आपकी सलमान खान (Salman Khan) और खान परिवार से अच्छी बॉन्डिंग रही है. उनके साथ रिश्ता कैसा है?
हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है. मैंने अपने करियर की शुरुआत सलमान खान के साथ की थी. वह मुझ पर भरोसा करते हैं और डेज़ी पर भी उनका विश्वास है. हम लोग एक-दूसरे के काफी करीब हैं.
क्या शो में जाने से पहले सोहेल खान (Sohail Khan) को लेकर कोई बातचीत हुई थी?
नहीं, बिल्कुल नहीं. हमें तो यह भी नहीं पता था कि शो में सोहेल खान आने वाले हैं.
कुशाल टंडन (Kushal Tandon) के गेम पर आपकी क्या राय है?
कुशाल ने पहले भी कई रियलिटी शो किए हैं. उन्हें पता है कि किसके साथ कैसा व्यवहार करना है और गेम कैसे खेलना है. जिन लोगों ने पहले ऐसे शो किए हैं, उन्हें काफी अनुभव होता है.
क्या आपको लगता है कि कुछ कंटेस्टेंट अपनी असली पर्सनैलिटी नहीं दिखा रहे?
ऐसा हो सकता है. हर इंसान का अपना तरीका होता है. कुछ लोग सिर्फ गेम खेलने आते हैं और उसी हिसाब से अपनी छवि दिखाते हैं. लेकिन डेज़ी ऐसी नहीं हैं. वह सभी के साथ मिलकर रहना पसंद करती हैं और बिल्कुल असली रूप में खेल रही हैं.
आपके हिसाब से शो के टॉप 3 में कौन-कौन हो सकता है?
सबसे पहले तो मैं चाहती हूं कि डेज़ी टॉप 3 में जरूर हों. उनके अलावा जैद दरबार (Zaid Darbar) मिनी माथुर (Mini Mathur) और बाकी कंटेस्टेंट्स भी अच्छा खेल रहे हैं.
अगर आपको डेज़ी से मिलने का मौका मिले तो आप क्या सलाह देंगी?
मैं उन्हें कोई सलाह नहीं दूंगी क्योंकि मुझे लगता है कि वह पहले से ही बहुत अच्छा खेल रही हैं. उन्हें किसी सलाह की जरूरत नहीं है.
आखिर में डेज़ी के फैंस के लिए आपका क्या मैसेज है?
मैं बस यही कहना चाहूंगी कि आप सभी अपना प्यार और आशीर्वाद डेज़ी को देते रहें. मुझे उम्मीद है कि सबके आशीर्वाद से वह यह शो जीतकर बाहर आएंगी.
:
Daisy Shah Age | Daisy Shah Boyfriend | reality show not present in content

