यश राज फिल्म्स की मर्दानी 3 ने इस बेहद प्रशंसित फ्रैंचाइज़ी को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए बॉक्स ऑफिस पर एक ठोस हिट दी है. आज यह फिल्म मर्दानी फ्रैंचाइज़ी की अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है.
धुरंधर 2 की रिलीज़ तक किसी बड़ी प्रतिस्पर्धा के अभाव में, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखेंगी
भारत में 47.55 करोड़ रुपये नेट और वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 71.70 करोड़ रुपये ग्रॉस की कमाई के साथ, मर्दानी 3 का हार्ड-हिटिंग सामाजिक संदेश दुनियाभर के दर्शकों से गहराई से जुड़ गया है.
मर्दानी फ्रैंचाइज़ी कलेक्शन डेटा भारत कलेक्शन (नेट): मर्दानी 3 (2026) - 47.55 करोड़ (अब भी सिनेमाघरों में जारी) मर्दानी 2 (2019) - 47.51 करोड़ मर्दानी (2014) - 35.85 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन (ग्रॉस): मर्दानी (2014) - 57 करोड़ मर्दानी 2 (2019) - 64 करोड़ मर्दानी 3 (2026) - 71.70 करोड़ |
मर्दानी फ्रैंचाइज़ी के साथ हिट्स की हैट्रिक देने को लेकर रानी मुखर्जी बेहद उत्साहित हैं. वह कहती हैं,
'मैं हमेशा मानती आई हूं कि मर्दानी सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह एक आवाज़ है—हर उस महिला की आवाज़ जो चुप रहने से इनकार करती है. मर्दानी 3 को मिला प्यार और सफलता मेरे लिए बेहद निजी है, क्योंकि यह बताता है कि दर्शक सिर्फ शिवानी शिवाजी रॉय के सफर को देख नहीं रहे हैं, बल्कि न्याय और अच्छाई की जीत के लिए उसके साथ खड़े हैं. यह फ्रैंचाइज़ी साहस और उस जज़्बे का प्रतीक है, जो महिलाएं हर दिन अपने भीतर लेकर चलती हैं. मैं आभारी हूं, विनम्र हूं और पहले से कहीं ज़्यादा दृढ़ हूं कि आगे भी ऐसी कहानियां कहती रहूं जो मायने रखती हैं. मर्दानी के साथ हिट्स की हैट्रिक मिलना अच्छा है, लेकिन उससे भी ज़्यादा ज़रूरी है उन सामाजिक मुद्दों पर बात करना, जो हमारा पूरा ध्यान मांगते हैं. यह फ्रैंचाइज़ी हमेशा हमें ऐसे अपराधों का सीधे सामना करने और नज़रें न फेरने की याद दिलाती रहेगी, भले ही वे हमें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित न कर रहे हों. अगर एक भी लड़की प्रभावित होती है, निशाना बनती है या उस पर हमला होता है, तो यह हमारे समाज की असफलता है कि हम उसकी रक्षा नहीं कर पाए. उम्मीद है कि मर्दानी फ्रैंचाइज़ी ने इतने वर्षों में जो संवाद शुरू किया है, उसने हमें ज़्यादा जागरूक, सतर्क और संवेदनशील बनाया होगा."
मर्दानी अब 12 वर्षों में एक थिएट्रिकल ब्रांड बन चुकी है, वह भी ऐसे जॉनर में जो पारंपरिक रूप से पुरुष सितारों के वर्चस्व में रहा है. अपने करियर के 30वें वर्ष में रानी मुखर्जी ने एक बार फिर सोलो थिएट्रिकल सफलता हासिल की है—एक दुर्लभ उपलब्धि, जो भारतीय फिल्म उद्योग में उनकी दीर्घकालिक लोकप्रियता और बॉक्स ऑफिस विश्वसनीयता को दर्शाती है. इस शानदार नतीजे के साथ मर्दानी सीरीज़ ने हिट्स की हैट्रिक पूरी कर ली है और यह आज भी भारतीय सिनेमा की इकलौती सफल महिला-प्रधान फ्रैंचाइज़ी और एकमात्र हिट महिला-पुलिस फ्रैंचाइज़ी बनी हुई है.
यह बताते हुए कि मर्दानी फ्रैंचाइज़ी 12 वर्षों से दर्शकों से क्यों जुड़ी हुई है, रानी कहती हैं,
"मुझे लगता है कि मर्दानी इसलिए इतने सालों से दर्शकों से जुड़ी हुई है, क्योंकि यह बहुत सच्ची, बेहद ज़रूरी और तत्काल मुद्दों की बात करती है. यह सिर्फ एक कॉप फ्रैंचाइज़ी नहीं है—यह उन सच्चाइयों का सामना करने की बात करती है, जिनसे हम अक्सर नज़रें चुराते हैं. जिन अपराधों को हम दिखाते हैं, वे असहज करने वाले हैं और सिनेमा में उस सच्चाई को आईना दिखाने की ताकत होती है. सबसे अहम बात यह है कि मर्दानी इस विचार के लिए खड़ी है कि डर कभी जीतना नहीं चाहिए. और जब तक यह संदेश प्रासंगिक रहेगा, मुझे लगता है कि यह फ्रैंचाइज़ी लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखेगी."
अभिराज मीनावाला द्वारा निर्देशित और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित मर्दानी 3 फ्रैंचाइज़ी की हार्ड-हिटिंग और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानी कहने की विरासत को आगे बढ़ाती है.
READ MORE
Tags : Rani Mukerji | Rani Mukerji new film | rani mukerji news today | Rani Mukerji Film | Rani Mukerji Film Mardaani 3 | Rani Mukerji Mardaani 2 | Rani Mukerji models

