सतीश शर्मा
रायपुर, 30 अप्रैल 2026
ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित 'पानी बचाओ जन-जागरूकता अभियान' का भव्य आयोजन सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में बड़े उत्साह और जनसमर्थन के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और पर्यावरण प्रेमियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे, वहीं प्रख्यात उद्यमी एवं ग्रीन आर्मी के संरक्षक राजेश अग्रवाल भी विशेष रूप से शामिल हुए। अतिथियों ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि जनभागीदारी के बिना जल संकट का स्थायी समाधान संभव नहीं है। सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
ग्रीन आर्मी के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने अपने संदेश में कहा, 'पानी की एक-एक बूंद को बचाना है, हम सबने मिलकर यह ठाना है।' प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से बढ़ते जल संकट और उसके समाधान पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि रायपुर के 70 वार्डों में 700 'वॉटर वारियर्स' तैयार किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करेंगे। जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने सामाजिक सहभागिता को इस अभियान की सफलता का आधार बताया।
विनीत शर्मा ने जल के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं प्रशिक्षक स्वेता चौरे ने 'थिंक ग्लोबल, एक्ट लोकल' का संदेश देते हुए छोटे-छोटे प्रयासों से जल बचाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन मिस्टर टारगेट ने प्रभावी ढंग से किया।
इस दौरान विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई। अंत में सभी ने 'जल बचाओ - भविष्य बचाओ' का संकल्प लेते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
Share
Post navigation
बिलासपुर में भी ED की बड़ी कार्रवाई: सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर-दुकान पर छापा, दस्तावेजों की जांच जारीइंडिगो फ्लाइट की रायपुर में आपात लैंडिंग : महिला यात्री की तबीयत बिगड़ी; अस्पताल भेजा, एक घंटे बाद विमान रवाना
