Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
22K vs 24K vs 18K Gold: गहनों के लिए कौन सा गोल्ड बेस्ट? सोना खरीदने से पहले जान लें 22K, 24K और 18K में क्या है फर्क

22K vs 24K vs 18K Gold: गहनों के लिए कौन सा गोल्ड बेस्ट? सोना खरीदने से पहले जान लें 22K, 24K और 18K में क्या है फर्क

Difference between 24k-22k Gold: भारत में शादी हो, त्योहार हो या बचत का प्लान, हर जगह सोना अहम भूमिका निभाता है। लेकिन जब हम ज्वेलरी शॉप पर जाते हैं, तो दुकानदार 18K, 22K या 24K जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता है, जो कई बार हमें उलझन में डाल देते हैं।

इन 'कैरेट' (Karat) के अंकों के पीछे असल में सोने की शुद्धता और उसकी मजबूती का राज छिपा होता है। चलिए इसका मतलब और अंतर समझते हैं।

गोल्ड में "Karat" क्या होता है?

सबसे पहले बेसिक समझ लें। कैरेट (K)" बताता है कि सोने में कितना शुद्ध सोना है।

  • 24K = सबसे शुद्ध सोना (लगभग 99.9%)
  • 22K = 91.6% सोना
  • 18K = 75% सोना
  • 14K = 58.5% सोना

शुद्ध सोना बहुत मुलायम होता है, इसलिए उसमें तांबा, चांदी या अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं ताकि गहने मजबूत बन सकें। जितना ज्यादा कैरेट, उतनी ज्यादा शुद्धता, लेकिन उतनी ही कम मजबूती।

24K सोना क्यों होता है सबसे महंगा?

24 कैरेट सोने में किसी और धातु की मिलावट नहीं होती, इसलिए इसका रंग भी एकदम गहरा और चमकदार पीला होता है। चूंकि यह बहुत नाजुक और नरम होता है, इसलिए इसका इस्तेमाल कभी भी गहने बनाने में नहीं किया जाता। अगर आप भविष्य के लिए पैसे बचाना चाहते हैं या अपनी संपत्ति बढ़ाना चाहते हैं, तो 24K सोना सबसे अच्छा है। इसे आप सोने के सिक्कों, बिस्किट या डिजिटल गोल्ड के रूप में खरीद सकते हैं। इसकी रिसेल वैल्यू सबसे ज्यादा होती है क्योंकि इसमें कोई मिलावट नहीं होती।

22K सोना के गहने सबसे लोकप्रिय

भारत में जब भी भारी गहनों या शादी की ज्वेलरी की बात आती है, तो 22 कैरेट ही बाजी मारता है। इसमें 91.6% शुद्ध सोना होता है और बाकी का हिस्सा अन्य धातुओं का होता है जो इसे थोड़ा सख्त बनाता है। पारंपरिक हार, चूड़ियां और मंगलसूत्र अक्सर इसी से बनाए जाते हैं। इसकी चमक बरकरार रहती है और इसमें सोने की मात्रा अधिक होने के कारण इसकी रिसेल वैल्यू भी बहुत अच्छी होती है। हालांकि, बहुत बारीक हीरे या भारी पत्थरों वाले काम के लिए यह थोड़ा नरम पड़ सकता है।

18K और 14K सोना कितना शुद्ध

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग ऐसे गहने पसंद करते हैं जिन्हें रोज पहना जा सके। यहां 18K और 14K सोना काम आता है। ई-बुलियन वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार,18 कैरेट सोने में 75% शुद्ध सोना होता है, जो इसे डायमंड ज्वेलरी और डिजाइनर गहनों के लिए परफेक्ट बनाता है। इसकी चमक भी अच्छी होती है और यह काफी टिकाऊ भी होता है।

वहीं 14 कैरेट सोना (58.5% शुद्धता) सबसे ज्यादा मजबूत और सस्ता विकल्प है। पश्चिमी देशों में इसका बहुत चलन है क्योंकि यहां मजबूती को शुद्धता से ज्यादा महत्व दिया जाता है। अगर आप रोजाना पहनने वाली अंगूठी या ब्रेसलेट ढूंढ रहे हैं जो आसानी से न टूटे और स्क्रैच-फ्री रहे, तो यह एक बजट-फ्रेंडली ऑप्शन है।

आपके लिए कौन सा सोना सबसे सही, ऐसे समझें:

सोना खरीदना सिर्फ फैशन नहीं, एक समझदारी भरा फैसला है। अगर आप टिकाऊ गहने चाहते हैं तो 14K या 18K का सोना ले सकते हैं। अगर शादी-ब्याह या किसी खास मौके की बात है तो 22K सोना सबसे सही है। और अगर आप पैसा बढ़ाना चाहते हैं यानी निवेश करना चाहते हैं तो इसके लिए 24K सोना परफेक्ट है।

आजकल कई लोग अपने पोर्टफोलियो में सोने के साथ चांदी भी जोड़ रहे हैं, ताकि निवेश और मजबूत हो सके। वैसे तो हर सोना अच्छा है, बस आपके काम के हिसाब से सही होना चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mint hindi