Dailyhunt
आज का मौसम: 3 मई से देशभर में आंधी-बारिश का अलर्ट! जानें दिल्ली से यूपी तक आज कैसा रहेगा मौसम

आज का मौसम: 3 मई से देशभर में आंधी-बारिश का अलर्ट! जानें दिल्ली से यूपी तक आज कैसा रहेगा मौसम

Aaj ka mausam 3 May 2026: मई की शुरुआत हो चुकी है और आमतौर पर इस समय तक सूरज के तेवर काफी तल्ख हो जाते हैं, लेकिन इस साल मौसम का मिजाज बलदा हुआ है। कहीं धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि तपती गर्मी से राहत देने वाली है।

अगर आप आने वाले हफ्तों में कहीं घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो पहले वेदर अपडेट जान लें।

आज दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 3 मई (रविवार) को मौसम करवट लेने वाला है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आज और कल 4 मई के लिए आंधी-बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके तहत आज दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाएंगे और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और बारिश होने की पूरी संभावना है। आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहेगा, वहीं सोमवार दोपहर को भी हल्की फुहारें पड़ने के आसार हैं, जिससे अगले कुछ दिनों तक लू का असर कम रहेगा और मौसम सुहावना बना रहेगा।

यूपी में अगले 3 दिन झमाझम बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कम हो रहा है, जिसने प्रदेश के मौसम में एक नई हलचल पैदा कर दी है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आज यानी रविवार की शाम से ही पूरे यूपी के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज रात से बादलों का डेरा जमना शुरू हो जाएगा, जिसके बाद अगले दो से तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और ठंडी हवाओं का दौर चलेगा। खासकर मध्य और पूर्वी यूपी के जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश-बिजली के आसार

उत्तर भारत में अगले कुछ दिन मौसम काफी उथल-पुथल वाला रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर में 3 से 6 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। हिमाचल और उत्तराखंड में भी 5 मई तक बिजली कड़कने और 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।

पंजाब-हरियाणा में आंधी की संभावना

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब और हरियाणा में 4 और 5 मई को 'थंडरस्क्वाल' यानी 50-60 किमी की रफ्तार वाली तेज आंधी आ सकती है। इसके साथ ही इन राज्यों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

राजस्थान में कल से बदलेगा मौसम

राजस्थान में गर्मी तो है ही, लेकिन 4 मई को यहां मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में 4 मई को तेज धूल भरी आंधी चलने की पूरी आशंका है। इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में 8 मई तक हल्की बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत असम, मेघालय, अरुणाचल में अगले 5 दिनों तक मानसून जैसी स्थिति बनी रहेगी। यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल और बिहार में भी गिरेंगे ओले

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भी 4 से 6 मई के बीच मौसम बिगड़ सकता है। बिहार और झारखंड में 4 मई को ओले गिरने और 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले तूफान की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में भी अगले एक हफ्ते तक बीच-बीच में बारिश होती रहेगी।

एमपी-छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, तो दक्षिण में झमाझम बारिश

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 3 से 6 मई के बीच गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। छत्तीसगढ़ में 3 और 4 मई को तेज तूफान आने की आशंका है। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में प्री-मानसून एक्टिविटी तेज हो गई है। यहां 8 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी 5 और 6 मई को झमाझम बारिश का अनुमान है, जिससे बढ़ते तापमान पर लगाम लगेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mint hindi