Dailyhunt
Kaspersky Investment in India: भारत बनेगा कास्पर्स्की का नया 'पावर हाउस', निवेश होगा दोगुना और बढ़ेंगे रोजगार के मौके

Kaspersky Investment in India: भारत बनेगा कास्पर्स्की का नया 'पावर हाउस', निवेश होगा दोगुना और बढ़ेंगे रोजगार के मौके

Kaspersky Doubling Investment in India: वैश्विक साइबर सुरक्षा कंपनी कास्पर्स्की ने भारत में अपने निवेश को दोगुना करने की योजना बनाई है। कंपनी का कहना है कि मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बाद वह भारत को क्षेत्रीय सेवाओं के केंद्र (हब) के रूप में विकसित करने पर विचार कर रही है।

कास्पर्स्की के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रबंध निदेशक एड्रियन हिया ने 'पीटीआई-भाषा' के साथ साक्षात्कार में बताया कि कंपनी भारत में विपणन, व्यापार विकास और 'क्लाउड ऑपरेशन' को स्थापित करने की योजना बना रही है, ताकि स्थानीय एवं क्षेत्रीय ग्राहकों को सेवाएं दी जा सकें।

क्या है कंपनी का प्लान?

उन्होंने कहा कि 2024 में मजबूत दो अंकों की वृद्धि के बाद 2025 के वित्त परिणाम (जो अप्रैल में जारी होंगे) और भी बेहतर रहने की उम्मीद है। हिया ने कहा कि हम न केवल कर्मचारियों एवं कार्यालयों में निवेश बढ़ाएंगे बल्कि भारत को क्षेत्रीय स्तर पर विपणन, व्यापार विकास और क्लाउड सेवाओं का केंद्र बनाने पर भी काम कर रहे हैं।उन्होंने साथ ही संकेत दिया कि यदि भारत में क्षेत्रीय ग्राहकों के लिए डेटा सेंटर स्थापित किया जाता है तो भर्ती में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

2026 में बढ़ सकते हैं साइबर हमले

साइबर खतरों को लेकर हिया ने आगाह किया कि 2026 में साइबर हमले और बढ़ सकते हैं। 2025 में भारत में कंपनी ने 4.7 करोड़ से अधिक वेब-आधारित खतरों को रोका था। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) उपकरण की आसान उपलब्धता के कारण 'डीपफेक' जैसे खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं और अब एआई से लड़ने के लिए एआई का उपयोग करना जरूरी हो गया है।

हिया ने भारतीय सरकार की डेटा वर्गीकरण (टियरिंग) रणनीति की सराहना की, हालांकि यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित बड़े भाषा मॉडल (एलएलएम) के साथ साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है।एआई के कारण रोजगार पर प्रभाव के सवाल पर हिया ने माना कि एआई बुनियादी अकाउंटिंग, सॉफ्टवेयर कोडिंग और वेब पेज प्रबंधन जैसे कार्यों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि हर किसी को खुद को 'अपग्रेड' करना चाहिए क्योंकि भविष्य में कौशल उन्नयन बेहद जरूरी होगा।'

क्या करती है कास्पर्स्की?

कास्पर्स्की एक रूसी बहुराष्ट्रीय साइबर सुरक्षा और एंटीवायरस कंपनी है, जिसकी स्थापना 1997 में मॉस्को में हुई थी। इसे यूजीन कास्पर्स्की ने शुरू किया था और आज यह दुनिया के 200 से अधिक देशों में काम कर रही है। कंपनी का मुख्य काम कंप्यूटर और नेटवर्क को वायरस, मैलवेयर, रैनसमवेयर और अन्य साइबर खतरों से बचाना है। इसके उत्पादों में एंटीवायरस सॉफ्टवेयर , इंटरनेट सुरक्षा समाधान, क्लाउड सुरक्षा और थ्रेट इंटेलिजेंस सेवाएं शामिल हैं।

कास्पर्स्की के 35 से अधिक कार्यालय हैं और ये लाखों व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं तथा 2 लाख से अधिक कॉर्पोरेट ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है। हालांकि इसे कई बार राजनीतिक विवादों और सुरक्षा चिंताओं का सामना करना पड़ा है, फिर भी तकनीकी दृष्टि से यह साइबर सुरक्षा उद्योग की अग्रणी कंपनियों में गिनी जाती है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mint hindi