Dailyhunt
Vi Share Price: क्या फिर से लौटेंगे वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन? यूजर बेस में सुधार से रॉकेट बना शेयर!

Vi Share Price: क्या फिर से लौटेंगे वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन? यूजर बेस में सुधार से रॉकेट बना शेयर!

Vodafone Idea Share Price: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच वोडाफोन आइडिया (VI) के शेयरों में उछाल दर्ज किया गया है। शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लगभग 5.70% की जोरदार बढ़त के साथ 9.45 रुपये के स्तर पर पहुंच गए।

इस बढ़ोतरी के साथ ही एक बार फिर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1,01,950 करोड़ रुपये के पार चला गया। इस दौरान लगभग 48 करोड़ इक्विटी शेयरों का लेन-देन हुआ। आइए जानते हैं कि वोडाफोन आइडिया के शेयरों में यह तेजी क्यों आई?

वोडाफोन आइडिया के शेयरों में क्यों आई तेजी?

वोडाफोन आइडिया के लिए पिछले कुछ साल काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। हर महीने लाखों यूजर्स ने कंपनी का साथ छोड़ दिया। लेकिन जनवरी 2026 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ग्राहक कम होने की संख्या में भारी गिरावट आई है। कंपनी ने जनवरी महीने में 4,11,337 वायरलेस ग्राहक गंवाए हैं। वहीं, दिसंबर 2025 में कंपनी ने 9.40 लाख से ज्यादा ग्राहक खोए थे। यानी ग्राहकों के कम होने की संख्या में 50% से ज्यादा की गिरावट आई है। बाजार इसे एक सकारात्मक सुधार के रूप में देख रहा है। ऐसे में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। बता दें कि मौजूदा समय में वोडाफोन आइडिया का कुल यूजर बेस 19.83 करोड़ के आसपास है।

Jio और Airtel की लगातार मजबूत हो रही स्थिति

रिलायंस जियो और भारती एयरटेल अपनी स्थिति को लगातार मजबूत कर रहे हैं। जनवरी के आंकड़ों के मुताबिक, एयरटेल ने 44.06 लाख नए यूजर्स जोड़े हैं। दूसरी ओर, देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने भी 24.37 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े हैं। मौजूदा समय में Jio 49.14 करोड़ ग्राहकों के साथ बाजार में टॉप पर बनी हुई है, जबकि एयरटेल 46.77 करोड़ यूजर्स के साथ दूसरे स्थान पर है।

वोडाफोन आइडिया शेयर प्रदर्शन

गौरतलब है कि वोडाफोन आइडिया के शेयरों का प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। पिछले एक महीने में स्टॉक में 16% की गिरावट देखी गई, जबकि इस साल की शुरुआत से अब तक यह लगभग 19% नीचे गिर चुका है। हालांकि, लॉन्ग-टर्म में थोड़ी मजबूती दिखाई है। एक साल की अवधि में इस शेयर ने निवेशकों को 30% का रिटर्न दिया है, जबकि तीन साल में 49% का उछाल आया है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Mint hindi