सुरसंड, सीतामढ़ी | मिथिला हिन्दी न्यूज
सुरसंड प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक शनिवार को टीपीसी भवन में समिति के अध्यक्ष रमेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में स्थानीय विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने प्रखंड क्षेत्र में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए नल-जल योजना को सुचारू रूप से संचालित करने तथा प्रतिदिन तीन समय नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
20 सूत्री समिति के अध्यक्ष रमेश पटेल ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश, "सबका सम्मान, जीवन आसान" सहयोग शिविरों के आयोजन तथा 211 डिग्री कॉलेजों की स्थापना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए वर्ष 2036 तक समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए सभी सदस्यों से ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रखंड प्रमुख चंदन कुमार ने अंचल कार्यालय में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उर्फ मोहन राय, सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर, अंचलाधिकारी सतीश कुमार, थाना अध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता एवं दीपक पटेल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लालू कुमार, समिति सदस्य अरुण ठाकुर, विनोद चौबे, मनोज ठाकुर, शिवशंकर महतो, राजीव सिंह, शिवम गुप्ता, बाबुल राज, पवन भारती सहित सीडीपीओ, पशु चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, जेई विद्युत, पीएचईडी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
️ अब तक पढ़ा गया: बार

