Dailyhunt
आज IPL 2026 में राजस्थान और मुंबई का मुकाबला, हार्दिक की फिटनेस पर सस्पेंस, जानिए किसका पलड़ा है भारी?

आज IPL 2026 में राजस्थान और मुंबई का मुकाबला, हार्दिक की फिटनेस पर सस्पेंस, जानिए किसका पलड़ा है भारी?

MP Breaking News 6 days ago

इंडियन प्रीमियर लीग में आज मंगलवार को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मुंबई के लिए सबसे बड़ी चिंता कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस है, जो पिछले मैच में बीमारी के कारण नहीं खेल पाए थे।

हालांकि हार्दिक टीम के साथ गुवाहाटी पहुंच गए हैं और उन्होंने नेट्स में अभ्यास भी शुरू कर दिया है। उनकी वापसी से टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

दरअसल पिछले मैच में हार्दिक की गैरमौजूदगी मुंबई को भारी पड़ी थी। दिल्ली के खिलाफ उस मुकाबले में टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था और उस मैच में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली थी। गेंदबाजी में भी मुंबई को परेशानी का सामना करना पड़ा था। ट्रेंट बोल्ट की जगह टीम में शामिल किए गए कॉर्बिन बॉश काफी महंगे साबित हुए थे, जिससे टीम को नुकसान हुआ था।

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी चिंता का विषय

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी इस सीजन में चिंता का विषय बनी हुई है। जसप्रीत बुमराह, जिन्हें टीम का सबसे भरोसेमंद गेंदबाज माना जाता है, को अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। शार्दूल ठाकुर ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन पिछले मुकाबले में वह महंगे साबित हुए थे। स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर ने अफगान स्पिनर अल्लाह गजनफर की जगह अपनी उपयोगिता दिखाई है और उनके अगले मैच में भी खेलने की संभावना है। मुंबई के गेंदबाजों के सामने राजस्थान के मजबूत टॉप ऑर्डर को रोकने की बड़ी चुनौती होगी।

दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने शुरुआती मैचों में मिली जीत की लय को बनाए रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम का टॉप ऑर्डर अच्छी फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी टीम को तेज शुरुआत दे रहे हैं। मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल भी टीम को मजबूती दे रहे हैं। बल्लेबाजी के साथ राजस्थान की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है।

रवि बिश्नोई इस सीजन के सफल गेंदबाजों में शामिल

गेंदबाजी में रवि बिश्नोई इस सीजन के सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 2 मैचों में 5 विकेट लिए हैं और पर्पल कैप की दौड़ में सबसे ऊपर हैं। उनकी स्पिन गेंदबाजी मुंबई के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। वहीं तुषार देशपांडे ने पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर अपनी डेथ बॉलिंग का अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम के कप्तान रियान पराग भले ही बल्ले से अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं, लेकिन उनकी कप्तानी की काफी सराहना हो रही है।

आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है। दोनों टीमें अब तक आईपीएल में 30 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें 16 मैच मुंबई ने और 14 मैच राजस्थान ने जीते हैं। पिछले सीजन में भी दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसे मुंबई ने 100 रन के बड़े अंतर से जीता था। हालांकि मौजूदा फॉर्म राजस्थान के पक्ष में दिखाई दे रही है।

जानिए कैसी रहेगी पिच?

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल पाते हैं और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से थोड़ी मदद मिल सकती है। रात के मैच में ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। इसी वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।

बरसापारा स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 7 मैच खेले गए हैं। इनमें 3 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 2 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 199 रन है, जो राजस्थान रॉयल्स ने 2023 में दिल्ली के खिलाफ बनाया था।

आज के मैच में टॉस शाम 7 बजे होगा और मुकाबला 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच में हार्दिक की संभावित वापसी और बुमराह का फॉर्म मुंबई के लिए अहम रहेगा। वहीं राजस्थान अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगा।

संभावित प्लेइंग 12

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, हार्दिक पांड्या, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: MP Breaking News