Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लाइव टेलीकास्ट करेगा जी एंटरटेनमेंट, 8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में होगी वापसी

भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लाइव टेलीकास्ट करेगा जी एंटरटेनमेंट, 8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में होगी वापसी

MP Breaking News 2 weeks ago

भारत के फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। दरअसल फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब भारतीय दर्शकों के लिए जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेस लिमिटेड (ZEEL) पर उपलब्ध होगा। टीवी पर इसे 'यूनाइट 8 स्पोर्ट्स' चैनल पर देखा जा सकेगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जी5 (Zee5) ऐप पर उपलब्ध होगी।

जी एंटरटेनमेंट ने 2026 के साथ-साथ फीफा वर्ल्ड कप के आगामी संस्करणों के भी आधिकारिक प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं। बता दें, ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ जी एंटरटेनमेंट का बिल्कुल नया स्पोर्ट्स चैनल है।

दरअसल फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून को होगा और यह 19 जुलाई तक चलेगा। यह महामुकाबला अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जो कुल 104 मैच खेलेंगी। जी एंटरटेनमेंट ने सिर्फ 2026 और 2030 के फीफा मेंस वर्ल्ड कप ही नहीं, बल्कि 2027 के फीफा विमेंस वर्ल्ड कप और 2034 तक होने वाले अन्य प्रमुख फीफा इवेंट्स के मीडिया राइट्स भी अपने नाम किए हैं। इसमें भारतीय मार्केट के लिए खास डॉक्यूमेंट्री-सीरीज कंटेंट भी शामिल है।

इस बार राइट्स लेने में भारतीय ब्रॉडकास्टर्स नहीं दिखा रहे थे दिलचस्पी?

वहीं यह घोषणा टूर्नामेंट शुरू होने से दो हफ्ते से भी कम समय पहले की गई है। दरअसल, टाइम जोन के अंतर के कारण भारत में ज्यादातर मैचों का लाइव टेलीकास्ट आधी रात के बाद शुरू होना था। इसी वजह से भारतीय ब्रॉडकास्टर्स इस बार फीफा वर्ल्ड कप के राइट्स लेने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे।जी एंटरटेनमेंट ने फीफा के बड़े टूर्नामेंट्स के साथ-साथ कई अन्य फुटबॉल टूर्नामेंट्स के प्रसारण का भी जिम्मा उठाया है। इनमें अंडर-17 वर्ल्ड कप, विमेंस अंडर-17 वर्ल्ड कप, अंडर-20 वर्ल्ड कप, विमेंस अंडर-20 वर्ल्ड कप, फुटसाल वर्ल्ड कप, फुटसाल विमेंस वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप शामिल हैं।

जी एंटरटेनमेंट ने ऐसे हासिल किए राइट्स

दरअसल जी एंटरटेनमेंट की इस रेस में एंट्री तब हुई, जब फीफा और जियोस्टार के बीच मौजूदा और आने वाले टूर्नामेंट्स के प्रसारण की कीमत पर सहमति नहीं बन पाई। मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि पिछले फीफा वर्ल्ड कप 2022 के राइट्स वायाकॉम 18 (जो अब जियोस्टार का हिस्सा है) ने 62 मिलियन डॉलर में खरीदे थे। वह वर्ल्ड कप कतर में हुआ था और भारतीय व्यूअरशिप के लिए सही टाइम जोन में था।

इस रेस में पीछे रह गया जियोस्टार

इस बार फीफा भारत से ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए 100 मिलियन डॉलर (लगभग ₹950 करोड़) चाहता था। बाद में वह 60 मिलियन डॉलर (लगभग ₹570 करोड़) तक आने के लिए भी तैयार था। इसकी तुलना में चीन में राइट्स लेने वाले ‘चीन मीडिया ग्रुप’ ने इस एडिशन के लिए 62 मिलियन डॉलर (लगभग ₹590 करोड़) का भुगतान किया है। हालांकि, जियोस्टार ने भारत के लिए इसकी वैल्यू केवल 20 मिलियन डॉलर (लगभग ₹190 करोड़) आंकी थी। इसी कम वैल्यू के कारण फीफा ने जियोस्टार के प्रस्ताव को मंजूर नहीं किया।

जी एंटरटेनमेंट ने खेल प्रेमियों के लिए चार नए चैनल भी पेश किए हैं। ये चैनल कुछ एंटरटेनमेंट चैनल्स को बंद करके लॉन्च किए गए हैं। हिंदी दर्शकों के लिए ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1’ और ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 HD’ उपलब्ध होंगे। वहीं, अंग्रेजी के दर्शकों के लिए ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2’ और ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 HD’ चैनल शुरू किए गए हैं।

इन नए चैनल्स पर सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, बल्कि क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, रेसलिंग और कॉम्बैट स्पोर्ट्स का भी प्रसारण किया जाएगा। जी के पोर्टफोलियो में पहले से ही बंगाल सुपर लीग, UP कबड्डी लीग और ILT20 जैसे टूर्नामेंट्स मौजूद हैं। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आने से इसका स्पोर्ट्स पैकेज और भी मजबूत हो जाएगा।

लंबे समय बाद जी एंटरटेनमेंट की वापसी

यह जी एंटरटेनमेंट की 8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में वापसी है। कंपनी ने पिछले साल ही इस सेक्टर में दोबारा कदम रखने की इच्छा जाहिर की थी। करीब 8 साल पहले जी ने अपने स्पोर्ट्स चैनल्स को कल्वर मैक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया का कॉपोरेट नाम) को बेच दिया था। जी एंटरटेनमेंट ने सबसे पहले साल 2005 में ‘जी स्पोर्ट्स’ के साथ खेल जगत में एंट्री की थी। इसके एक साल बाद, 2006 में ‘टेन स्पोर्ट्स’ का अधिग्रहण करके अपना विस्तार किया था। अब एक बार फिर जी स्पोर्ट्स की दुनिया में अपनी मजबूत वापसी कर रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: MP Breaking News